मारवाड़ी युवा मंच कटक शाखा का गौरवशाली, स्वर्णिम इतिहास, प्रथम कड़ी
नन्द किशोर जोशी,पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच,सत्र 1991-94
अखिल भारतीय स्तर पर मारवाड़ी युवाओं के संगठन की स्थापना हुई 1985 में गौहाटी में।उस संगठन का नाम है मारवाड़ी युवा मंच। मारवाड़ी युवा मंच का प्रथम राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित हुआ गौहाटी शहर में।
कुछ राष्ट्रवादी, जुझारू युवाओं की राष्ट्रीय भावना की सोच से ओतप्रोत संगठन का नाम है मारवाड़ी युवा मंच। मारवाड़ी युवा मंच के गठन के पीछे की मंशा रही है राष्ट्र को मजबूती प्रदान करना ।भारत के स्वाधीनता आंदोलन में मारवाडियों की सक्रियता को उजागर करना,राष्ट्र गठन में मारवाडियों के योगदान को जनता जनार्दन के सामने लाना,समाज में एकात्मता को बढ़ावा देना, जरूरत मंदों को हर तरह से मदद करना, रक्तदान शिविरों का आयोजन करना इत्यादि।
इन्हीं सब रचनात्मक कार्यों के लिए मुख्य रुप से मारवाड़ी युवा मंच की स्थापना हुई।तब से लेकर आजतक मारवाड़ी युवा मंच ने अखिल भारतीय स्तर पर एक अलग पहचान बनाई है। अनेक -अनेक सेवा शिविरों के माध्यम से लाखों जरुरत मंदों की सेवा की है कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर आयोजित कर तथा अन्य अनेक तरीकों से।
1985 में अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के प्रथम अधिवेशन गौहाटी में आयोजन के पहले एक दो सदस्यीय टीम संगठन के प्रचार प्रसार और विस्तार हेतु ओडिशा आयी गौहाटी से।कटक में मेरे से मुलाकात किये। संभवतया जनवरी का महीना था।उस दो सदस्यीय टीम में एक युवा का नाम था हरि शर्मा, दूसरे का नाम मुझे याद नहीं आरहा है।
गौहाटी से पधारे दोनों सदस्य कहीं से मेरे नाम का रेफेरेंस लेकर आये थे। दोनों ने मुझे असम के तत्कालीन हालात के बारे में विस्तार से बताया और मारवाड़ी युवा लोगों के संगठन की जरुरत पर बल दिया। मैं भी उनकी बातों से संपूर्ण सहमत हुआ।
सुबह 8 बजे वे लोग मेरे घर पर आये और उनके अनुरोध पर मैंने सुबह 10 बजे मारवाड़ी क्लब में मारवाड़ी युवाओं की एक सभा बुलाई।साढ़े 10 बजे मारवाड़ी क्लब में सभा कार्यक्रम आरंभ हुआ।उन दिनों मोबाइल फोन भारत में नहीं आया था। मैंने लैंडलाइन फोन से दोस्तों, हितैषियों से संपर्क किया और जरुरी मीटिंग में आने का अनुरोध किया।
उपरोक्त सभा में 30 मारवाड़ी युवाओं का जमावड़ा हुआ।गौहाटी से पधारे युवाओं ने असम में मारवाडियों के तत्कालीन हालात पर विस्तार से वर्णन किया। मारवाडियों को वहां बेवजह समाज विरोधी,देश विरोधी ताकतों द्वारा टार्गेट किया जा रहा था।सुनकर उपस्थित सभी युवाओं में मंच से जुड़ने का आग्रह दिखाई दिया।समाज में एकता का भाव जगा।
वहीं मारवाड़ी क्लब सभा में एक एडहोक समिति का गठन किया गया।सभा में उपस्थित स्वर्गीय अर्जुन अग्रवाल, एडवोकेट के बेटे ने सपत्नीक गौहाटी अधिवेशन में शामिल होने की इच्छा जाहिर की।सभी ने इसका स्वागत किया।
उपस्थित युवाओं में शामिल थे कैलाश प्रसाद सांगानेरिया ,श्याम सुंदर शर्मा, मास्टरजी, जयराम जोशी तथा अन्य अनेक युवा।दो घंटे के अंदर कम समय में सफलता पूर्वक युवाओं की मीटिंग देखकर गौहाटी से पधारे युवा बहुत -बहुत खुश हुए। संगठन के विस्तार हेतु वे ओडिशा के दूसरे शहर में जाने के लिए तुरंत प्रस्थान किये, क्योंकि उनके पास समय बहुत कम था। क्रमशः


