*विलुप्त होती वैदिक यज्ञ परंपरा का पुनरुज्जीवन और ‘श्री धन्वन्तरि महायाग’ !*
*भारतीय संस्कृति में यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान की परंपरा नहीं है, अपितु यह देवताओं की उपासना, मंत्रशक्ति, आध्यात्मिक साधना और समष्टि कल्याण का संगम है। वैदिक काल से ही अश्वमेध, राजसूय, सोमयाग, वाजपेय जैसे अनेक विशिष्ट यज्ञ किए जाते रहे हैं। प्रत्येक यज्ञ का अपना विशिष्ट देवतातत्त्व, मंत्र, हविर्द्रव्य, संकल्प और विधिशास्त्र होता है। समय के साथ अनेक दुर्लभ यज्ञों की परंपरा विलुप्त होती जा रही है; ऐसे में इस प्राचीन ज्ञान का संरक्षण और पुनरुज्जीवन आवश्यक है। इसी उद्देश्य से सच्चिदानंद परब्रह्म डॉ. जयंत आठवले की प्रेरणा से सनातन संस्था ने संतों और अधिकारी पुरोहितों के मार्गदर्शन में अब तक 300 से अधिक यज्ञ और 1,000 से अधिक धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए हैं।*
*दुर्लभ यज्ञों का आयोजन, प्राचीन ज्ञान का संरक्षण और वैज्ञानिक शोध !*
सनातन संस्था की यज्ञ परंपरा में वर्ष 2012 में बार्शी (जिला सोलापुर) के अश्वमेधयाजी प.पू. नाना कालेगुरुजी के मार्गदर्शन में संपन्न ‘साग्निचित् अश्वमेध महासोमयाग’ विशेष रूप से उल्लेखनीय है। इसके अतिरिक्त श्री महासुदर्शनयाग, श्री बगलामुखी यज्ञ, महाचंडी याग, महारुद्रयाग, श्री त्रिपुरसुंदरी ललिताम्बा यज्ञ, श्री राजमातंगी देवी याग, पंचमहाभूततत्त्व याग, ऋषियाग, गरुडपंचाक्षरी यज्ञ, पितृयज्ञ जैसे अनेक विशिष्ट यज्ञों का आयोजन किया गया है। इन यज्ञों को प.पू. दास महाराज, प.पू. रामभाऊस्वामी, प.पू. आबा उपाध्ये जैसे संतों का मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ है।
यज्ञ परंपरा का संरक्षण केवल आयोजन तक सीमित न रखकर, इसके पीछे का शास्त्र भावी पीढ़ियों तक पहुँचाकर भी किया जा रहा है। आजकल तथाकथित प्रगतिशील और नास्तिक लोगों द्वारा यज्ञों पर अक्सर यह टीका की जाती है कि ‘यज्ञ में घी, सुगंधित द्रव्य और दुर्लभ वनौषधियाँ जलाकर करोड़ों रुपये बर्बाद किए जाते हैं; यह धन गरीबों, किसानों और शिक्षा पर खर्च किया जाना चाहिए।’ परंतु सनातन संस्था ने यज्ञ के शास्त्र को श्रद्धा के साथ-साथ आधुनिक उपकरणों की सहायता से सिद्ध कर इस आलोचना का सटीक उत्तर दिया है।

संस्था ने ‘यू.ए.एस्.’ (यूनिवर्सल ऑरा स्कैनर) जैसे आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों के माध्यम से यज्ञों का गहन अध्ययन किया है। यज्ञों से होने वाली आध्यात्मिक अनुभूतियों, वातावरण की सात्त्विकता में होने वाली प्रचंड वृद्धि और पर्यावरण पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों का वैज्ञानिक शोध कर उनका दस्तावेजीकरण किया जा रहा है। संस्था इस शोध को केवल संग्रहित ही नहीं कर रही है, बल्कि इसे विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलनों में भी प्रस्तुत कर रही है। इसके माध्यम से आधुनिक परिभाषा में समाज के समक्ष यह तथ्य रखा जा रहा है कि ‘यज्ञ धन का अपव्यय नहीं, बल्कि समष्टि और पर्यावरण के कल्याण के लिए किया जाने वाला एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण और वैज्ञानिक कार्य है।’ इसके अलावा, सनातन पुरोहित पाठशाला के माध्यम से ‘ईश्वरप्राप्ति के लिए पौरोहित्य’ के भाव से पुरोहित साधकों का निर्माण, इस कार्य का एक अन्य महत्त्वपूर्ण पहलू है।
*आरोग्य और आयुर्वेद के अधिष्ठाता भगवान धन्वंतरि !*
हिन्दू धर्म में 33 कोटि देवताओं की संकल्पना सृष्टि की विविध शक्तियों और तत्त्वों की उपासना से संबंधित है। बुद्धि, विद्या, धन, अन्न और आरोग्य जैसे जीवन के विविध क्षेत्रों के लिए विशिष्ट देवताओं की उपासना बताई गई है। भगवान धन्वंतरि को आयुर्वेद का अधिष्ठाता देवता माना जाता है। श्रीमद्भागवत में वर्णन है कि समुद्रमंथन से अमृतकलश धारण कर उनका प्राकट्य हुआ था। भगवान विष्णु के अंशावतार धन्वंतरि देव ने मानव जाति को आरोग्यरक्षण और रोगनिवारण के लिए आयुर्वेद का ज्ञान दिया। इसलिए शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक और आध्यात्मिक कल्याण के लिए भी उनकी उपासना महत्त्वपूर्ण मानी जाती है।
*युद्ध, प्राकृतिक आपदा और महामारी की पृष्ठभूमि में महायाग का आयोजन !*
वर्तमान में वैश्विक स्तर पर युद्धजन्य परिस्थितियाँ, विभिन्न देशों में अस्थिरता, प्राकृतिक आपदाएँ, जलवायु परिवर्तन की अनियमितता और संक्रामक रोगों की चुनौतियाँ बढ़ रही हैं। अनेक द्रष्टा संतों ने संकेत दिया है कि भावी काल में भीषण संकटों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में समाज के आरोग्यरक्षण के साथ-साथ राष्ट्र और धर्म के कार्य हेतु जनता को आध्यात्मिक बल मिलना आवश्यक है। इसी व्यापक संकल्प के साथ कर्नाटक के श्रीकृष्णक्षेत्र उडुपी में ‘श्री धन्वन्तरि महायाग’ का आयोजन किया गया है।
इस महायाग के माध्यम से भगवान धन्वंतरि के चरणों में सामूहिक प्रार्थना की जाएगी। इसके पीछे यह भाव है कि शरीर, मन और बुद्धि का स्वास्थ्य बना रहे, रोगों व मानसिक तनाव पर विजय पाने का बल मिले, तथा साधना और राष्ट्रसेवा की क्षमता प्राप्त हो। यज्ञ के माध्यम से व्यक्ति के कल्याण के साथ संपूर्ण समाज के स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करने का यह एक महत्त्वपूर्ण अवसर है।
आइए, इस भाव के साथ महायाग में भावपूर्ण सहभाग लें कि भगवान धन्वंतरि की कृपा से सभी को निरोगी जीवन मिले, समाज को आगामी संकटों का सामना करने के लिए आध्यात्मिक बल प्राप्त हो और भारत सहित संपूर्ण विश्व का कल्याण हो !

