कटक मारवाड़ी समाज के अध्यक्ष पद के चुनाव रविवार 6 सितम्बर 2026 को होंगे। मतदान माणिक घोष बजार स्थित मारवाड़ी क्लब प्रांगण में प्रातः 8 बजे से सायं 4 बजे तक होंगे और मतपत्रों की गणना उसी दिन सायं 5 बजे से होंगे एवं तत्पश्चात् चुनाव नतीजे की घोषणा की जाएगी। द्विवर्षीय चुनाव में इस बार कुल 8079 सदस्य मतदान कर दो वर्ष के कार्यकाल के लिए अध्यक्ष को चुनेंगे।
14 जून 2026 को कटक मारवाड़ी समाज के सत्र 2026-2028 की अन्तिम साधारण सभा में सर्वसम्मति से पाँच सदस्यीय चुनाव समिति का गठन किया, अविनाश खेमका को मुख्य चुनाव अधिकारी और ललित झँवर, संगीता शर्मा, बजरंग लाल चिमनका एवं प्रकाश अग्रवाल (छोटू) को सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया। प्रक्रिया का शुभारंभ शुक्रवार 14 अगस्त शाम को प्रत्याशियों द्वारा नामांकन पत्र लेने से हुआ।
रविवार 16 अगस्त 2026 को तीन प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया – पवन कुमार जाजोदिया, संजय कुमार शर्मा और सुरेश कुमार शर्मा। पवन कुमार भावसिंका ने नामांकन पत्र लिया था परन्तु दाखिल नहीं किया और पवन कुमार जाजोदिया के प्रस्तावक बने।
जमा किये गये नामांकन पत्रों की जाँच सोमवार 17 अगस्त 2026 को सायं 7 बजे से 8 बजे तक होगी, नामांकन पत्र वापस लेने की तिथि बुधवार 19 अगस्त 2026 को सायं 7 बजे से 8 बजे तक है, और वैध प्रत्याशियों की अन्तिम सूची की घोषणा 19 अगस्त 2026 को रात्रि 8 बजे होगी। समस्त प्रक्रिया मारवाड़ी क्लब के योग हॉल में संचालित हो रहे हैं।

