स्वस्थ एवं सुरक्षित भारत के संकल्प के साथ उडुपी में भव्य ‘श्री महाधन्वंतरि याग’ संपन्न

10,000 से अधिक श्रद्धालु ऐतिहासिक धार्मिक समारोह के साक्षी बने

एक हजार वर्षों के इतिहास वाले सोरटी सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दिव्यांशों के दुर्लभ दर्शन

 

*उडुपी :वैश्विक अशांति, युद्ध के काले बादल, अतिवृष्टि-अनावृष्टि, संक्रामक रोगों सहित विभिन्न आपदाओं की पृष्ठभूमि में समस्त मानवता के स्वास्थ्य, आयुष्य, कल्याण तथा राष्ट्र की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करने के उदात्त संकल्प के साथ सनातन संस्था की ओर से कर्नाटक राज्य के उडुपी के एम.जी.एम. कॉलेज मैदान में रविवार को आयोजित ‘श्री महाधन्वंतरि याग’ अत्यंत भव्य, भक्तिपूर्ण एवं चैतन्यमय वातावरण में संपन्न हुआ। सनातन संस्था के संस्थापक सच्चिदानंद परब्रह्म डॉ. जयंत बालाजी आठवले के संकल्प के अनुसार संपन्न हुए इस याग में 10,000 से अधिक श्रद्धालुओं, धर्माभिमानियों एवं गणमान्य व्यक्तियों के भाग लेने से यह उडुपी के धार्मिक इतिहास में एक स्मरणीय आध्यात्मिक समारोह बन गया।

अदमारु मठ के कनिष्ठ श्री श्री ईशप्रिय तीर्थ स्वामीजी, हिंदू जनजागृति समिति के धर्मप्रचारक संत सद्गुरु श्री नीलेश सिंगबाळ तथा सनातन संस्था के धर्मप्रचारक संत पू. रामानंद गौड़ा के दिव्य सान्निध्य में दीप प्रज्वलन के साथ इस कार्यक्रम का मंगलमय शुभारंभ हुआ। इस याग के लिए सनातन संस्था की आध्यात्मिक उत्तराधिकारी श्रीसत्.शक्ति (सौ.) बिंदा नीलेश सिंगबाळ, श्रीचित्.शक्ति (सौ.) अंजलि मुकुल गाडगीळ तथा हिंदू जनजागृति समिति के धर्मप्रचारक सद्गुरु नीलेश सिंगबाळ और सद्गुरु (डॉ.) मुकुल गाडगीळ मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित थे। दोपहर 3 बजे शंखनाद, कुमकुमार्चन एवं पुण्याहवाचन के साथ प्रधान महाधन्वंतरि याग का विधिवत शुभारंभ किया गया। मुख्य आचार्य श्री अरुणकुमार गुरुमूर्ति एवं वैदिक विद्वानों के दल ने वेदमंत्रों के घोष के साथ याग के धार्मिक विधि-विधानों को शास्त्रोक्त रूप से संपन्न कराया। सायं 7 बजे महापूर्णाहुति एवं महामंगलारती के साथ याग संपन्न हुआ। कर्नाटक राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विद्यमान केंद्रीय भारी उद्योग तथा इस्पात मंत्री श्री एच.डी. कुमारस्वामी ने याग स्थल पर पधारकर शुभकामनाएँ दीं।

*सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दिव्यांशों के दुर्लभ दर्शन : हरि-हर का अपूर्व आध्यात्मिक संगम !*

 

इस याग के प्रमुख आकर्षण के रूप में एक हजार वर्षों के इतिहास वाले सोरटी सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दिव्यांशों के दुर्लभ दर्शन की व्यवस्था की गई थी। लगभग एक हजार वर्ष पूर्व आक्रमणकारी महमूद गजनवी ने सोमनाथ ज्योतिर्लिंग को ध्वस्त कर दिया था। उस काल से ही भक्तों द्वारा अत्यंत श्रद्धा और भक्ति से संरक्षित किए गए इस पवित्र ज्योतिर्लिंग के दिव्यांशों को याग में श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ रखा गया था। पारंपरिक मंगलवाद्यों के साथ इन पवित्र दिव्यांशों को याग स्थल पर लाया गया। एक ओर जहाँ महाधन्वंतरि याग के माध्यम से भगवान श्रीविष्णु की आराधना हो रही थी, वहीं दूसरी ओर भगवान शिव के सोरटी सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दिव्य अंशों के दर्शन प्राप्त हुए। ‘हरि और हर’ की उपासना के इस अपूर्व आध्यात्मिक संगम से उपस्थित हजारों भक्त भावविभोर हो उठे।

 

*संतों, गणमान्य व्यक्तियों एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति*

 

इस भव्य धार्मिक समारोह में अदमारु मठ के कनिष्ठ स्वामीजी, सनातन संस्था एवं हिंदू जनजागृति समिति के संतगण, विधायक, जनप्रतिनिधि, उद्यमी, चिकित्सा क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति, धार्मिक नेता, विभिन्न संघ-संस्थाओं के पदाधिकारी तथा समाज के अनेक प्रतिष्ठित व्यक्ति उपस्थित रहे और याग के धार्मिक महत्व को बढ़ाया।

 

*15 से अधिक विशिष्ट प्रदर्शनी स्टॉल – धर्मशिक्षा का विशेष आकर्षण*

 

याग स्थल पर 15 से अधिक विशिष्ट प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए थे। इनमें सच्चिदानंद परब्रह्म डॉ. जयंत बालाजी आठवले का जीवन दर्शन, सनातन संस्था के ग्रंथ, ‘सनातन प्रभात’ नियतकालिक पत्रिकाएँ, अग्निहोत्र, सात्त्विक उत्पाद, स्वभावदोष-अहं निर्मूलन एवं व्यक्तित्व विकास, आध्यात्मिक उपाय, गुरुकृपायोग तथा हिंदू जनजागृति समिति का विशेष धर्मशिक्षा स्टॉल शामिल थे। विशेष रूप से आपातकाल में उपयोगी आयुर्वेदिक औषधियाँ, औषधीय पौधे तथा धर्माचरण के महत्व को दर्शाने वाले फलक जिज्ञासुओं के आकर्षण का केंद्र रहे।

 

*केवल कर्नाटक ही नहीं, वैश्विक स्तर तक पहुँचा याग का लाभ!*

 

सनातन संस्था के यूट्यूब चैनल (https://youtube.com/@kannadaSanatan) के माध्यम से इस याग का सीधा प्रसारण किया गया था। इस याग का आध्यात्मिक लाभ केवल उडुपी या कर्नाटक राज्य तक सीमित न रहकर संपूर्ण भारत सहित विश्व भर के कई देशों के श्रद्धालुओं को प्राप्त हुआ। हजारों की संख्या में दर्शकों ने ऑनलाइन माध्यम से इस याग में भाग लिया। इस प्रकार, एक अर्थ में यह याग वैश्विक स्तर का याग बन गया। ‘स्वस्थ और सुरक्षित भारत’ के संकल्प के साथ आयोजित यह याग केवल एक धार्मिक अनुष्ठान मात्र न रहकर, समस्त मानवता के कल्याण, राष्ट्र की समृद्धि और धर्मजागृति का उदात्त संदेश देने वाला एक ऐतिहासिक आध्यात्मिक समारोह बन गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *