ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत भूमि संसाधन विभाग (डीओएलआर) के सचिव श्री दिलीप कुमार ने ओडिशा का दौरा किया। इस दौरे का उद्देश्य प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के वाटरशेड विकास घटक (डब्ल्यूडीसी-पीएमकेएसवाई) 2.0 और विश्व बैंक समर्थित नवोन्मेषी विकास के माध्यम से कृषि लचीलेपन के लिए जलसंभरों का पुनरुद्धार (रिवार्ड) कार्यक्रम की प्रगति एवं ज़मीनी स्तर पर उनके कार्यान्वयन की समीक्षा करना था।

क्षेत्रीय दौरा एवं समुदाय के साथ बातचीत
श्री दिलीप कुमार ने क्षेत्रीय दौरा के दौरान खोरधा जिले के टांगी ब्लॉक में डब्ल्यूडीसी-पीएमकेएसवाई 2.0 परियोजना क्षेत्र के अंतर्गत किए गए विभिन्न वाटरशेड विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने ज़मीनी स्तर पर काम की गुणवत्ता की सराहना की और विशेष रूप से स्थानीय समुदायों, जल उपयोगकर्ता समूहों तथा स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की सक्रिय भागीदारी पर ध्यान केंद्रित किया।
सचिव ने लाभार्थियों एवं उपयोगकर्ता समूह के सदस्यों से सीधे बातचीत करते हुए किए गए उपायों के सामाजिक-आर्थिक एवं पर्यावरणीय प्रभावों का आकलन किया और निर्मित संसाधनों की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करने में स्थानीय संस्थाओं की भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने वाटरशेड विकास के प्रति ओडिशा के समुदाय-केंद्रित दृष्टिकोण की भी सराहना की। उन्होंने जोर दिया कि प्राकृतिक संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन, किसानों की आजीविका को बेहतर बनाने एवं जलवायु परिवर्तन का सामना करने में सक्षम ग्रामीण समुदायों के निर्माण में लोगों की भागीदारी बहुत महत्वपूर्ण है।
डब्ल्यूडीसी-पीएमकेएसवाई 2.0 की प्रगति की समीक्षा
सचिव ने डब्ल्यूडीसी-पीएमकेएसवाई 2.0 के तहत राज्य के समग्र प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए ओडिशा की लगभग 89 प्रतिश्त वित्तीय व्यय की उपलब्धि की सराहना की, जिसमें स्वीकृत 60 परियोजनाओं में से 38 परियोजनाएं अभी अंतिम चरण में हैं।
हालांकि, सात परियोजनाओं में काम अपेक्षाकृत धीमी गति से हो रहा है, जहां वित्तीय व्यय 60 प्रतिश्त से कम है, उस पर चिंता व्यक्त करते हुए श्री दिलीप कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे फील्ड मॉनिटरिंग में तेजी लाएं, तुरंत सुधारात्मक कदम उठाएं और लंबित कार्यों में तेजी लाकर सभी परियोजनाओं का निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा होना सुनिश्चित करें।
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान
अपनी यात्रा के दौरान, सचिव ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत एक पौधा लगाया, जो पर्यावरण संरक्षण एवं पारिस्थितिक स्थिरता के प्रति भारत सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।

विश्व बैंक समर्थित ‘रिवॉर्ड‘ कार्यक्रम की समीक्षा
क्षेत्रीय निरीक्षण करने के बाद, सचिव ने नेशनल रेनफेड एरिया अथॉरिटी (एनआरएए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के साथ मिलकर, विश्व बैंक समर्थित ‘रिवॉर्ड’ कार्यक्रम पर एक विस्तृत समीक्षा बैठक की। सचिव ने परियोजना के निर्धारित लक्ष्यों एवं समय-सीमा का पालन करने के महत्व पर बल देते हुए कार्यान्वयन एजेंसियों को कार्य में तेजी लाने तथा कार्यक्रम की निर्धारित समय-सीमा 31 मार्च, 2027 से पहले सभी योजनाबद्ध गतिविधियों को पूरा करने का निर्देश दिया।
सचिव के इस दौरे के दौरान उनके साथ भूमि संसाधन विभाग, भारत सरकार के वरिष्ठ अतिरिक्त आयुक्त डॉ. सी. पी. रेड्डी; एनआरएए की तकनीकी विशेषज्ञ डॉ. सुषमा सुधिसरी; ओडिशा सरकार के मृदा संरक्षण विभाग के संयुक्त निदेशक; तथा विभाग एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

