परमात्मा संदेश शोभायात्रा निकली, आध्यात्मिक ज्ञान से सुख-शांति का दिया संदेश
जगतपुर (कटक)। गोपबंधु नगर स्थित ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र के नवनिर्मित दिव्य प्रकाश भवन का भव्य समारोह में उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर परमात्मा संदेश शोभायात्रा निकाली गई। समारोह में आध्यात्मिक ज्ञान, सकारात्मक सोच और आपसी सद्भाव के माध्यम से समाज में सुख-शांति स्थापित करने का आह्वान किया गया।
इस कार्यक्रम का शुभारंभ कटक महानगर निगम के महापौर सुभाष चंद्र सिंह ने परमात्मा संदेश शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर किया। यह शोभायात्रा जगतपुर गोलाई छक से शुरू होकर बाजार के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए आश्रम पहुंची। इसके बाद बीके उषा बहन की अध्यक्षता में आध्यात्मिक सभा का आयोजन किया गया।
इस सभा की मुख्य वक्ता दिल्ली एवं आरसी की निदेशिका राजयोगिनी बीके आशा दीदी थीं उन्होंने कहा कि मनुष्य यदि सदैव प्रसन्न रहकर दूसरों के साथ प्रेम और सौहार्दपूर्ण व्यवहार करे, तो संसार को दैवी दुनिया अर्थात स्वर्ग के समान बनाया जा सकता है। उन्होंने जीवन में स्थायी सुख-शांति के लिए आध्यात्मिक ज्ञान के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर चौद्वार-कटक के पूर्व विधायक प्रभात रंजन बिश्वाल ने ब्रह्माकुमारी संस्था के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए आश्रम के विकास के लिए विधायक विकास निधि से आवश्यक सहयोग दिलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान कटक सब-जोन के विभिन्न सेवा केंद्रों के संचालिका और वरिष्ठ सदस्य मौजूद थे ।इस समारोह में कटक सब-जोन की निदेशिका राजयोगिनी बीके सुलोचना दीदी, केएमसी की उपमहापौर दयामयी माझी, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी धनंजय हेम्ब्रम, केआईएसएस विश्वविद्यालय की डीन डॉ. रश्मि महापात्र, जय भारत मसाला कंपनी के अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ पंडा, सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता बीके मोहन भाई, बीके बंशीधर भाई, धरनीधर विश्वविद्यालय, केउंझर की रजिस्ट्रार बीके प्रतिभा पृष्टि तथा सेवा केंद्र की संचालिका बीके गीतांजलि सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे ।
कार्यक्रम के अंत में बीके अमूल्य भाई ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

