विधायक सोफिया फिरदौस ने किया शारदीय बंधुमिलन

कटक,  कटक के शहीद भवन में रविवार को विधायक सोफिया फिरदौस की अध्यक्षता में शारदीय बंधुमिलन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर शहर की विभिन्न दुर्गापूजा समितियों के अध्यक्षों, सचिवों, शांति समिति के पदाधिकारियों और नगर निगम के पार्षदों ने भाग लिया। समारोह में सामाजिक सौहार्द, आपसी सहयोग और भाईचारे को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।

इस कार्यक्रम की शुरुआत राज्यसभा सांसद एवं पूर्व विधायक मोहम्मद मोकिम के स्वागत भाषण से हुई। विधायक सोफिया फिरदौस ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें उत्तरीय, पौधे और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।

इस समारोह में कटक महानगर पूजा समिति के सचिव एवं पूर्व विधायक प्रभात कुमार त्रिपाठी, कटक-भुवनेश्वर पुलिस आयुक्त डॉ. सुरेश देवदत्त सिंह, डीसीपी खिलारी ऋषिकेश द्यानदेव, एसीपी अनन्या अवस्थी, कटक महानगर शांति समिति के अध्यक्ष सदानंद साहू, कटक पूर्वांचल शांति समिति के अध्यक्ष विजय साहू एवं सचिव प्रफुल्ल साहू तथा महापौर सुभाष सिंह सहित शहर के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

इस बैठक में दुर्गापूजा और विसर्जन उत्सव को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने पर चर्चा हुई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और पूजा समितियों के पदाधिकारियों से आपसी समन्वय बनाए रखने तथा कटक की गंगा-जमुनी संस्कृति, सामाजिक एकता और भाईचारे की परंपरा को अक्षुण्ण रखने की अपील की गई।

इस समारोह के अंत में विधायक सोफिया फिरदौस ने सभी अतिथियों, पार्षदों, पूजा समितियों के पदाधिकारियों और शहर के वरिष्ठ नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शारदीय शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *