कटक, अग्रवाल समाज, कटक एवं अंतरराष्ट्रीय अग्रवाल सम्मेलन, कटक इकाई के संयुक्त तत्वावधान में 15 अगस्त 2026, शनिवार को शहीद भवन, चौधरी बाजार, कटक में महिलाओं एवं युवतियों के लिए विशेष “सिंधारा तीज महोत्सव” का भव्य आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव का शुभारंभ सायं 4:00 बजे होगा और यह कार्यक्रम रात्रि 8:00 बजे तक चलेगा।
सिंधारा तीज महोत्सव को इस वर्ष पारंपरिक संस्कृति, मनोरंजन और महिला सहभागिता का आकर्षक संगम बनाया गया है। कार्यक्रम में मेहंदी, आकर्षक रंग-बिरंगी चूड़ियां एवं पाटला, चाट-पकौड़े, सावन के झूले, रंगारंग सांस्कृतिक एवं मनोरंजन कार्यक्रम सहित अनेक आकर्षक गतिविधियां और सरप्राइज विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
आयोजको के अनुसार, सिंधारा तीज केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध मारवाड़ी संस्कृति, परंपरा और पारिवारिक मूल्यों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का उत्सव है। इसी उद्देश्य से महिलाओं एवं युवतियों के लिए विशेष रूप से इस आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई है।

कार्यक्रम में पारंपरिक वेशभूषा, सावन के झूले, मेहंदी और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से तीज की पारंपरिक खुशियों को जीवंत किया जाएगा। साथ ही स्वादिष्ट व्यंजनों एवं मनोरंजक कार्यक्रमों के माध्यम से उपस्थित महिलाओं को आनंद और उत्साह से भरी यादगार शाम का अनुभव मिलेगा।
महोत्सव में प्रवेश केवल Entry Pass द्वारा होगा।
अग्रवाल समाज, कटक के अध्यक्ष श्री विश्वनाथ चौधरी एवं अंतरराष्ट्रीय अग्रवाल सम्मेलन, कटक इकाई के अध्यक्ष श्री महेंद्र अग्रवाल ने समस्त समाज की महिलाओं एवं युवतियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि “हमारी संस्कृति तभी जीवंत रहेगी, जब हम उसे उत्सव के रूप में अगली पीढ़ी तक पहुंचाएंगे। सिंधारा तीज महोत्सव इसी भावना का एक सुंदर प्रयास है।”
वरिष्ठ सलाहकार श्री रमन बागड़ीया ने सभी बहनों एवं युवतियों से इस विशेष आयोजन में शामिल होकर परंपरा, संस्कृति और उल्लास से सजी तीज की शाम को यादगार बनाने का आग्रह किया है।

