अंतर्राष्ट्रीय अग्रवाल सम्मेलन, कटक महिला इकाई का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

कटक, शहीद भवन, चौधरी बाजार में आयोजित समारोह में अंतर्राष्ट्रीय अग्रवाल सम्मेलन, कटक महिला इकाई का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। अंतर्राष्ट्रीय अग्रवाल सम्मेलन के वरिष्ठ सलाहकार एवं मारवाड़ी युवा मंच के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री कैलाश प्रसाद सांगानेरिया ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण करने वालों में अध्यक्ष श्रीमती चंदा देवी संतुका, उपाध्यक्ष श्रीमती बबिता अग्रवाल, सचिव श्रीमती अर्चना चौधरी, कोषाध्यक्ष श्रीमती स्वाती मोदी, सलाहकार श्रीमती किरण मोदी तथा कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती रिता बगड़िया, श्रीमती राजेश्वरी कमानी, श्रीमती पूनम सिकरिया एवं श्रीमती उषा केडिया शामिल थीं।

इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय अग्रवाल सम्मेलन, कटक इकाई के अध्यक्ष श्री महेंद्र अग्रवाल सहित समाज के वरिष्ठजन, गणमान्य अतिथिगण एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। अंतर्राष्ट्रीय अग्रवाल सम्मेलन की ओर से कटक इकाई अध्यक्ष महेंद्र अग्रवाल जी ने दुपट्टा ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर नव निर्वाचित अध्यक्ष का सम्मान किया ।

कटक मारवाड़ी महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती मधु नांगलिया, निवर्तमान अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा अग्रवाल , पूर्व अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा अग्रवाल एवं शाखा सदस्य श्रीमती उमा कयाल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का दुपट्टा ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया।

अपने संबोधन में नवनियुक्त अध्यक्ष श्रीमती चंदा देवी संतुका ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण उत्तरदायित्व भी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महिला इकाई महाराजा अग्रसेन के सेवा, सहयोग एवं समानता के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाजहित एवं संगठन सुदृढ़ीकरण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएगी।

समारोह का वातावरण उत्साह एवं उल्लास से परिपूर्ण रहा। उपस्थित जनों ने नवगठित महिला इकाई के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *