मणिपुर हिंसा के 3 वर्ष पूर्ण होने पर श्रद्धांजलि, हनुमान चालीसा पाठ कार्यक्रम एवं राज्य में शांति स्थापना हेतु संयुक्त ज्ञापन : राष्ट्रहित सर्वोपरि संगठन 

मणिपुर में जारी हिंसा के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राष्ट्रहित सर्वोपरि संगठन द्वारा दिनांक 3 मई 2026 को सत्य निकेतन, नई दिल्ली में एक श्रद्धांजलि सभा एवं सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न हिंदू संगठनों, संतों, सामाजिक प्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने भाग लिया और मणिपुर में शांति, एकता एवं राष्ट्रीय अखंडता की पुनर्स्थापना के लिए सामूहिक संकल्प लिया।

ज्ञात हो कि 3 मई 2023 से प्रारंभ हुई हिंसा के परिणामस्वरूप पिछले तीन वर्षों में 300 से अधिक लोगों की मृत्यु, 1000 से अधिक लोग घायल तथा 60000 से अधिक नागरिक विस्थापित हुए हैं। यह स्थिति केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं रहकर राष्ट्रीय सुरक्षा, सामाजिक समरसता एवं विकास का गंभीर मुद्दा बन चुकी है।

संगठन के अनुसार वर्तमान स्थिति के पीछे अवैध हथियारों का प्रसार, संगठित हथियारबंद समूहों का दुरुपयोग, समुदायों के बीच अविश्वास, विघटनकारी तत्वों की सक्रियता, विदेशी वित्तपोषण एवं हथियार आपूर्ति, प्रशासनिक समन्वय की कमी तथा विस्थापित नागरिकों के पुनर्वास में विलंब जैसे प्रमुख कारण रहे हैं। लंबे समय से जारी अशांति के कारण अलग प्रशासनिक व्यवस्था की मांग भी सामने आई है, जो देश की एकता एवं स्थिरता के लिए चिंता का विषय है।

इस अवसर पर संगठन के संस्थापक एवं अध्यक्ष श्री सोहन गिरी जी ने कहा कि दक्षिण-पूर्व एशिया, विशेषकर मणिपुर में हिंदू समाज का विश्वास पुनः स्थापित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय एवं मूल निवासियों को उनकी सांस्कृतिक जड़ों, परंपराओं और साझा सभ्यतागत विरासत से पुनः जोड़ने के प्रयास किए जाने चाहिए, जिससे आपसी सद्भाव, पारस्परिक सम्मान और राष्ट्रीय एकता को बल मिले।

संगठन ने केंद्र एवं राज्य सरकार से मांग की है कि मणिपुर में शांति स्थापना हेतु ठोस एवं समन्वित कदम उठाए जाएं। अवैध हथियारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, विदेशी प्रायोजित हिंसा पर नियंत्रण, राष्ट्रीय राजमार्गों को सुरक्षित कर आम जनता के लिए खोलना, विस्थापित नागरिकों का शीघ्र पुनर्वास तथा सभी पक्षों के बीच संवाद स्थापित करना समय की आवश्यकता है।

साथ ही, संगठन ने सरकार से यह भी अनुरोध किया है कि मणिपुर हिंसा से संबंधित हताहतों का एक समग्र एवं सत्यापित विवरण तारीख, स्थान एवं संख्या सहित सार्वजनिक किया जाए, जिससे पारदर्शिता एवं जनविश्वास सुनिश्चित हो सके।

राष्ट्रहित सर्वोपरि संगठन इस कठिन समय में मणिपुर की जनता एवं सरकार के साथ खड़ा है तथा आशा व्यक्त करता है कि शीघ्र ही प्रभावी कदम उठाकर राज्य में शांति एवं विकास की पुनर्स्थापना की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *