शनिवार 9 नवंबर की शाम उड़ीसा सरकार में पशुपालन एवं मत्स्य विभाग के मंत्री श्रीमान गोकुलानंद मल्लिक की उपस्थिति में श्री अन्नपूर्णा गौशाला, जगतपुर में गोपाष्टमी गोपाष्टमी महोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए श्री श्याम सुंदर गुप्ता ने सभी गौभक्तों को मेले में पधारने के लिए धन्यवाद ज्ञापन किया। सचिव संजय अग्रवाल ने संक्षिप्त विवरण में गौशाला में पिछले दो सालों में किए गए उन्नति मूलक कार्यक्रमों की विवरण प्रस्तुत की। उन्होंने बताया की विगत कुछ महीनों से गौशाला में गायों के लिए तीन नए गौ वास गृह एवं गौखाद्य भंडार की व्यवस्था की गई है। साथ ही साथ गौभक्तों के लिए गौशाला परिसर में अनेक अन्य काम किए गए हैं।
पानी की उचित उपलब्धता हेतु नई बोरिंग की व्यवस्था भी गौशाला में की गई है। गौ वास गृह में पानी सुचारू रूप से पहुंचे इसकी व्यवस्था भी की गई है। अनेक अन्य काम करने बाकी हैं जिसमें तीन नए गौ वास गृह एवं गायों के खाने के लिए चारे की व्यवस्था के रूप में घास की उपज हेतु अधिक गोचर जमीन की व्यवस्था के लिए उन्होंने गोपालन मंत्री के समक्ष अपनी बात रखी। विश्व हिंदू परिषद के मार्गदर्शक त्रैलोकेश्वर भारती महाराज जी ने अपने वक्तव्य में अन्नपूर्णा गौशाला समिति द्वारा गौ संपदा के रख रखाव एवं उनके लालन-पालन की व्यवस्था के लिए अन्नपूर्णा गौशाला की बहुत सराहना की एवं नई सरकार के मंत्री महोदय से गौशाला की आवश्यकता को पूर्ण करने का निवेदन भी किया। विश्व हिंदू परिषद, उड़ीसा के संपादक श्री महेश साहू ने गायों के गोमूत्र एवं गोबर से बनी हुई चीजों एवं उनके उत्पादों के बारे में अनेक जानकारी सभासदों को प्रदान की।
सम्माननीय मंत्री महोदय श्री गोकुलानंद जी ने अपने संबोधन में अन्नपूर्णा गौशाला परिसर में गायों के रख रखाव एवं लोगों के द्वारा की जा रही सेवा की प्रशंसा की। साथ ही साथ गौशाला की आवश्यकता के अनुसार सरकार द्वारा जितना संभव हो उतना सहयोग प्रदान करने का आश्वासन भी प्रदान किया। उन्होंने कहा की उड़ीसा में भाजपा द्वारा नई सरकार ने गोपालन, गौशाला एवं गौ संपदा को बढ़ाने के लिए अनेक योजनाएं बनाई हैं जिसका लाभ उठाने के लिए गौ भक्तों को निवेदन किया।
गोपाष्टमी महोत्सव के संयोजक हेमंत अग्रवाल ने कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद अर्पण किया। रमन बगड़िया ने कार्यक्रम का संचालन किया अनेक गोभक्तों, दान दाताओं एवं अन्नपूर्णा गौशाल महिला समिति को कार्यक्रम में मंत्री महोदय द्वारा अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के उपरांत सभी गौ भक्तों के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई थी।

