*सेंसर बोर्ड केवल हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं के प्रति अत्यंत असंवेदनशील !* – श्री. अभय वर्तक, प्रवक्ता, सनातन संस्था
*पुणे : ‘* रामायण’ फिल्म में प्रभु श्रीराम को राक्षसों से भयभीत होकर भागते हुए दिखाना, शूर्पणखा की नाक काटने पर माता सीता द्वारा लक्ष्मण को फटकार लगाते हुए दिखाना और अत्याचारी रावण का महिमामंडन करना—ऐसे अनेक प्रसंग धर्मग्रंथ और इतिहास को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किए गए हैं। ऐसे अत्यंत आपत्तिजनक प्रसंगों का समावेश होने के बावजूद केंद्रीय चित्रपट प्रमाणन मंडल (CBFC) ने इस फिल्म को प्रमाणपत्र कैसे दिया? यह सीधा प्रश्न करते हुए ‘सेंसर बोर्ड अन्य धर्मावलंबियों की धार्मिक भावनाओं के प्रति अत्यंत जागरूक है, किंतु केवल हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं के प्रति अत्यंत असंवेदनशील है’, ऐसा प्रखर प्रतिपादन सनातन संस्था के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री. अभय वर्तक ने किया। वे आज पुणे में ‘रामायण’ फिल्म के संदर्भ में आयोजित पत्रकार परिषद को संबोधित कर रहे थे। 
इस फिल्म के आपत्तिजनक अंश तत्काल हटाए जाने चाहिए; तब तक हिंदू समाज यह फिल्म न देखे, ऐसा आह्वान भी उन्होंने इस अवसर पर किया। इस पत्रकार परिषद में श्री संत तुकाराम महाराज संस्थान, चिंतामणि प्रासादिक दिंडी के ह.भ.प. दत्तात्रय चोरघे महाराज, सनातन संस्था के प्रा. विठ्ठल जाधव तथा हिंदु जनजागृती समिती की पुणे जिला समन्वयक कु. क्रांती पेटकर भी उपस्थित थीं।
श्री. वर्तक ने आगे कहा कि सिनेमॅटोग्राफ अधिनियम की धारा 5-B तथा केंद्र सरकार के चित्रपट प्रमाणन मार्गदर्शक सिद्धांतों के अनुसार धार्मिक समूहों का अपमान करने वाले दृश्यों और संवादों पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद इस फिल्म के आपत्तिजनक प्रसंगों को प्रमाणन के मानदंडों के अनुरूप उचित कैसे ठहराया गया? जब किसी धार्मिक विषय पर फिल्म बनती है, तो वह उचित संदर्भ और इतिहास के अनुरूप है या नहीं, इसकी जांच करना सेंसर बोर्ड का दायित्व है। सेंसर बोर्ड के अधिकारी आखिर क्या देखकर प्रमाणपत्र देते हैं? इस फिल्म के विषय में तो ऐसी जानकारी सामने आई है कि बिना एक भी कट सुझाए प्रमाणपत्र दे दिया गया है।
सेंसर बोर्ड के मुंबई कार्यालय में अधिकारियों का अड़ियल रुख और बाद में कार्रवाई का आश्वासन : सेंसर बोर्ड की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए श्री. वर्तक ने 23 नवंबर को मुंबई कार्यालय में घटित घटनाक्रम को उजागर किया। सनातन संस्था की सौ. धनश्री केळशीकर तथा हिंदु जनजागृती समिती के श्री. सुनील कदम व श्री. सतीश सोनार के शिष्टमंडल ने बोर्ड की वरिष्ठ प्रशासकीय अधिकारी श्रीमती दीपा सुब्रमण्यम से भेंट की। प्रारंभ में उन्होंने किसी भी आक्षेप को सुनने से इनकार करते हुए ‘हमने उचित सेंसर किया है’ ऐसा अड़ियल रुख अपनाया; किंतु राक्षसों को देखकर प्रभु श्रीराम के भागने और माता सीता द्वारा लक्ष्मण को फटकारने के प्रसंग मूल रामायण में हैं ही नहीं, यह प्रमाण सहित ध्यान में लाते ही वे निरुत्तर हो गईं। इस पर ‘अन्य धर्मावलंबियों की फिल्मों पर आपत्ति आते ही आप तत्काल कार्रवाई करते हैं, फिर हिंदुओं के विषय में ही भेदभाव क्यों?’ ऐसा तीखा प्रश्न शिष्टमंडल ने उनसे पूछा। तत्पश्चात श्रीमती सुब्रमण्यम ने इन सभी आक्षेपों के विषय में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) को अवगत कराकर उचित कार्रवाई करने तथा आगामी ‘रामायण भाग-2’ की भली-भांति जांच करके ही सेंसर करने का स्पष्ट आश्वासन दिया।
प्रभु श्रीराम के शौर्य का अपमान व रावण का महिमामंडन क्यों? : ताड़का तथा खर-दूषण की सेना के समक्ष शस्त्रधारी प्रभु श्रीराम व लक्ष्मण को पलायन करते हुए दिखाया गया है; जबकि निहत्थे रावण को अकेले ही हजारों सैनिकों से निडरतापूर्वक युद्ध करते और उनका वध करते हुए चित्रित किया गया है। अत्याचारी रावण को गरीबों को सोने के घर देने वाले, शोषितों के तारणहार व महिलाओं के सम्मान के रक्षक के रूप में दर्शाया गया है।
माता सीता के मुख से काल्पनिक व संतापजनक संवाद ! : शूर्पणखा की नाक काटने पर माता सीता द्वारा लक्ष्मण को “किसी भी स्त्री का रूप विद्रूप करने का तुम्हें कोई अधिकार नहीं है” कहकर फटकार लगाने तथा प्रभु श्रीराम द्वारा खर-दूषण राक्षसों से क्षमायाचना करने जैसे निराधार व झूठे प्रसंग फिल्म में घुसाए गए हैं। त्याग व निष्ठा के प्रतीक लक्ष्मण को उद्धट और गुरुजनों का उपहास करने वाला दिखाया गया है। ऐसे अनेक आपत्तिजनक प्रसंग व संवाद इस फिल्म में हैं।
इस विकृतीकरण के विरुद्ध हमने मुंबई, कोल्हापुर आदि स्थानों पर आंदोलन किए। अब निर्माता श्री. नमित मल्होत्रा व निर्देशक श्री. नितेश तिवारी के विरुद्ध मुंबई के मुलुंड पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। इस पृष्ठभूमि में हमारी मांग है कि निर्माता श्री. नमित मल्होत्रा व निर्देशक श्री. नितेश तिवारी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 व 196 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की जाए। साथ ही, आपत्तिजनक दृश्य व संवाद हटाकर संशोधित संस्करण का पुनर्प्रमाणन कर फिल्म को पुनः प्रदर्शित किया जाए, ऐसी मांग हिंदु जनजागृती समिती की कु. क्रांती पेटकर ने इस अवसर पर की।
श्री संत तुकाराम महाराज संस्थान, चिंतामणि प्रासादिक दिंडी के ह.भ.प. दत्तात्रय चोरघे महाराज ने कहा कि हम वारकरी संप्रदाय में कीर्तन-प्रवचन करते समय प्रभु श्रीरामचंद्र का गुणगान करते हैं। हम कीर्तन में बताते हैं कि श्रीराम ‘एकबाणी’ थे—अर्थात वे इतने महापराक्रमी थे कि उनका चलाया हुआ बाण कभी व्यर्थ नहीं जाता था। भगवान का अवतार ही रावण-वध के लिए हुआ था; क्या वे रावण की सेना के कुछ राक्षसों से भयभीत होंगे? श्रीराम का इतना घोर अवमूल्यन हम कदापि सहन नहीं करेंगे।
‘सिनेमैटिक लिबर्टी’ के नाम पर क्या समाज को कुछ भी स्वीकार कर लेना चाहिए? धार्मिक विषयों में इस प्रकार की ‘लिबर्टी’ लेकर इतिहास बदलना अत्यंत अनुचित और करोड़ों हिंदुओं की श्रद्धा को पैरों तले रौंदने जैसा है। अतः प्रशासन और फिल्म निर्माता इन मांगों का तत्काल संज्ञान लें। साथ ही, अभी से यह सुनिश्चित किया जाए कि आगामी ‘रामायण – भाग 2’ में ऐसा कुछ न हो। उस फिल्म को धार्मिक क्षेत्र के विशेषज्ञों को दिखाकर ही प्रमाणपत्र दिया जाए। अन्यथा देशभर में तीव्र आंदोलन छेड़ा जाएगा, ऐसी चेतावनी भी श्री. अभय वर्तक ने इस समय दी।

