कटक, डिवाइन लाइफ सोसायटी, कटक शाखा के तत्वावधान में गुरुवार को तुलसीपुर स्थित चिदानंद आश्रम में परम पूज्य सद्गुरु स्वामी चिदानंदजी महाराज की 110वीं जन्म जयंती श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरुचरणों में श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस समारोह की शुरुआत ज्ञान यज्ञ सप्ताह के अंतिम दिवस कठोपनिषद पर आध्यात्मिक चर्चा के साथ हुई। इसके बाद विधिवत गुरु पादुका पूजन एवं महामंत्र कीर्तन हुआ। सामूहिक कीर्तन से आश्रम परिसर भक्तिमय हो उठा।
इस समारोह में हरिद्वार स्थित साधना सदन के परम पूज्य महामंडलेश्वर स्वामी श्री दिव्यानंद पुरी ने ‘चतुःश्लोकी भागवत’ विषय पर सत्संग एवं आध्यात्मिक प्रवचन दिया। उन्होंने भारतीय आध्यात्मिक परंपरा, गुरु-शिष्य संबंध और श्रीमद्भागवत के संदेशों पर प्रकाश डालते हुए आत्मचिंतन, सदाचार एवं सेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
इसके बाद कृतज्ञता ज्ञापन, सम्मान समारोह एवं व्यास पूजन आयोजित किया गया। उद्यापन प्रार्थना एवं शांति पाठ के बाद श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर डॉ. क्षितिश चंद्र महांती, श्रीमती मंजुलता महांती, प्रो. डॉ. गीता महांती एवं परिवार की ओर से सेवा एवं सौजन्य प्रदान किया गया। डिवाइन लाइफ सोसायटी, कटक शाखा ने आयोजन की सफलता में सहयोग करने वाले श्रद्धालुओं एवं सेवाभावी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

आयोजकों ने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजन समाज में सेवा, सद्भाव, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समारोह का समापन गुरु स्मरण, शांति पाठ एवं प्रसाद सेवन के साथ हुआ।

