कटक मारवाड़ी समाज के 2026-2028 के अध्यक्ष पद के चुनाव प्रक्रिया के तहत बुधवार 19 अगस्त शाम को प्रत्याशी सुरेश कुमार शर्मा ने अपना नामांकन पत्र वापस लिया और चुनाव नहीं लड़ने का निर्णय किया। अब चुनावी मैदान में दो प्रत्याशी रह गए हैं – संजय कुमार शर्मा और पवन कुमार जाजोदिया।

बृहस्पतिवार 3 सितम्बर शाम को चुनाव समिति एक विशाल जनसभा का आयोजन करेगी, जिसमें प्रत्याशी समाज के सम्मुख अपनी बातें प्रस्तुत करेंगे और बताएँगे की वो इस चुनाव में क्यों खड़े हैं (Why I Stand)। शुक्रवार 4 सितम्बर रात 10 बजे सभी प्रकार के चुनाव-प्रचार और प्रचार सम्बन्धी गतिविधियों पर रोक लग जाएगी।
चुनाव के मतदान रविवार 6 सितम्बर को प्रातः 8 बजे से शाम 4 बजे तक मारवाड़ी क्लब प्रांगण, माणिक घोष बजार, कटक में होंगे। मतपत्रों की गणना उसी दिन शाम 5 बजे से शुरू होगी और संपन्न होते ही चुनाव के नतीजों की घोषणा की जाएगी। इस द्विवार्षिक चुनाव में समाज के कुल 8079 सदस्य मतदान कर दो वर्ष के कार्यकाल के लिए अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। उसके बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष अपनी टीम का चयन कर पदाधिकारी समिति, कार्यकारी समिति और सलाहकार समिति का गठन करेंगे, जो दो वर्ष तक संस्था का संचालन करेंगे।
चुनाव समिति ने दोनों प्रत्याशियों से अनुरोध किया और पूरे समाज से अपील किया कि चुनाव सौहार्द्यपूर्ण परिवेश में संपन्न हों, आपसी प्रेम और भाईचारा और मज़बूत हो, प्रचार के दौरान भाषा की मर्यादा बनी रहे, कोई नकारात्मक या विचलित करने वाला माहौल ना बनाया जाए और चुनाव समिति के नियमों का निष्ठापूर्वक पालन किया जाए। कटक मारवाड़ी समाज का आधिकारिक मोबाइल फ़ोन नम्बर 9124376300 है, जिसे सार्वजनिक किया जा रहा है।

