कटक, युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनिश्री मोहजीत कुमार जी ठाणा-3 के सान्निध्य में नवमनोनीत युवाचार्य श्री महावीर कुमार जी का वर्धापना समारोह श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा के तत्वावधान में अत्यंत श्रद्धा, उल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर मुनिश्री मोहजीत कुमार जी ने कहा कि तेरापंथ धर्मसंघ के एकमाधिशास्ता युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी ने आषाढ़ शुक्ला त्रयोदशी के पावन दिवस पर, आद्यप्रवर्तक आचार्य श्री भिक्षु के 301वें जन्मदिवस की मंगल बेला में चतुर्विध धर्मसंघ की साक्षी में मुख्यमुनिश्री महावीर कुमार जी को अपने उत्तराधिकारी के रूप में युवाचार्य पद पर मनोनीत कर धर्मसंघ को समर्थ नेतृत्व प्रदान किया है।

मुनिश्री ने युवाचार्य श्री महावीर कुमार जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरु के प्रति उनकी अटूट निष्ठा, विनम्रता, समर्पण, प्रमोदभाव तथा सेवाभाव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने मंगलकामना व्यक्त करते हुए कहा कि युवाचार्य श्री निरामय, स्वस्थ एवं दीर्घायु रहते हुए अपने गुणों का निरंतर विकास करें तथा धर्मसंघ की प्रभावी सेवा करते रहें। इस अवसर पर उन्होंने अपने स्वरचित दोहों का भी प्रभावशाली पाठ किया।

मुनिश्री भव्य कुमार जी ने कहा कि फलसूंड जैसे छोटे से गाँव से प्रारंभ हुई यह साधना-यात्रा आज गुरु-समर्पण, सहजता, सरलता, विनम्रता एवं उत्कृष्ट गुणों से सुशोभित होकर युवाचार्य पद तक पहुँची है। उन्होंने युवाचार्य श्री के उत्तरोत्तर विकास तथा धर्मसंघ की निरंतर प्रगति की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं।
मुनिश्री जयेश कुमार जी ने युवाचार्य प्रवर से जुड़े अनेक प्रेरक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए उनकी गुणाराधना की। साथ ही अपने स्वरचित संस्कृत काव्य के सुमधुर संगान से उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम में जैन श्वेताम्बर तेरापंथी महासभा के निवृत्तमान अध्यक्ष श्री मनसुखलाल जी सेठिया, कटक सभा अध्यक्ष श्री मुकेश जी सेठिया, भवन समिति अध्यक्ष श्री चैनरूप जी चौरड़िया, तेरापंथ युवक परिषद के मंत्री श्री चिराग जी सिंघी, तेरापंथ महिला मंडल की ओर से श्रीमती नूतन विनायकिया, अणुव्रत समिति की ओर से श्री मुकेश जी डूंगरवाल, श्री भैरव जी दुगड़, सुश्री निहारिका सिंघी एवं श्रीमती भावना सुराणा ने अभिनन्दन एवं अभ्यर्थना प्रस्तुत की।कार्यक्रम का कुशल एवं गरिमामय संचालन मुनिश्री भव्य कुमार जी ने किया। यह सूचना हमे पुष्पा सिंघी, मीडिया प्रभारी श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, कटक ने प्रदान की ।

