अखंड जप साधना : 54 दिनों तक अखंड 6700+ घंटों के जप में 300 से अधिक परिषदों के तेरापंथी युवा एवं किशोर जुड़े

सर्वांगीण विकास का लक्ष्य रखने वाली संस्था अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद, राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत के नेतृत्व में, नेपाल सहित पूरे देश की 300 से अधिक परिषदों में दिनांक 15 दिसंबर 2025 से 6 फरवरी 2026 तक (लगातार 54 दिनों तक) जप अभ्यर्थना 2.0 के अंतर्गत अखंड जप का आयोजन किया गया।

इस दौरान 6700 से अधिक घंटों के जप क्रम में तेरापंथी युवा एवं किशोरों ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता निभाई, साथ ही संपूर्ण श्रावक समाज भी सहयोगी बना।

इसी क्रम में तेरापंथ युवक परिषद, कटक ने भी अभातेयुप के निर्देशन में जप अभ्यर्थना 2.0 का सफल आयोजन किया। परिषद द्वारा 10 जनवरी से 6 फरवरी तक प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से 10 बजे जप का क्रम संचालित किया गया, जिसमें कुल 70 घंटों तक युवा, किशोर साथी एवं तेरापंथ समाज जुड़ा रहा।

संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत ने बताया कि तेरापंथ के आद्य प्रवर्तक आचार्य श्री भिक्षु के जन्म त्रिशताब्दी वर्ष एवं तेरापंथ के विकास पुरुष गणाधिपति आचार्य श्री तुलसी के दीक्षा शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर युवाओं व किशोरों द्वारा यह जप अभ्यर्थना की गई। जप का शुभारंभ 15 दिसंबर को तेरापंथ धर्मसंघ के ग्यारहवें आचार्य महाश्रमण जी के मुखारविंद से आचार्य भिक्षु की जन्मस्थली कंटालिया (राजस्थान) में हुआ तथा समापन 6 फरवरी को आचार्य तुलसी की जन्मस्थली लाडनूं (राजस्थान) में सम्पन्न हुआ।

संस्था के राष्ट्रीय महामंत्री सौरभ पटावरी ने कहा कि संस्था द्वारा पहली बार 54 दिनों तक अखंड जप का यह आयोजन किया गया, जिसमें देश-विदेश (नेपाल) के बड़ी संख्या में युवा व किशोर तन्मयता से जुड़े।

तेयुप कटक के अध्यक्ष शशि चोरड़िया ने बताया कि अभातेयुप द्वारा निर्देशित “ॐ भिक्षु जय तुलसी” अखंड जप क्रम में परिषद ने पूर्ण तन्मयता से भाग लिया। परिषद ने 54 दिनों में 28 दिन एवं कुल 70 घंटे जप किया।

परिषद मंत्री चिराग सिंघी ने कहा कि परिषद ने श्रद्धाभाव से जप क्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न किया। भविष्य में भी ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों से युवा शक्ति को जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा। साथ ही जप संयोजक भाई पवन जी कोचर एवं भाई कमल जी बैद का आभार व्यक्त किया।

यह जानकारी परिषद मीडिया प्रभारी भैरव लाल दुगड़ ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *