*प्रभु श्रीराम का अपमान और रावण का महिमामंडन करने के मामले में कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग*
मुंबई : हाल ही में प्रदर्शित हुई ‘Ramayana: Rise of a Legend’ (‘रामायण’) फिल्म में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर मूल वाल्मीकि रामायण का घोर विकृतिकरण करके करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को जानबूझकर आहत किया गया है। इस गंभीर मामले के विरोध में कानूनी कदम उठाते हुए हिंदू जनजागृति समिति के प्रवक्ता श्री. सतीश कोचरेकर ने मुंबई के मुलुंड (प.) पुलिस थाने में फिल्म के निर्माता श्री. नमित मल्होत्रा और निर्देशक श्री. नितेश तिवारी के विरुद्ध आधिकारिक पुलिस शिकायत दर्ज कराई है।
*फिल्म में गंभीर आपत्तियां* : रामायण केवल मनोरंजन का विषय नहीं है, बल्कि यह करोड़ों हिंदुओं की आस्था और जीवनमूल्यों का आधार है। इसके बावजूद इस फिल्म में अत्याचारी रावण को गरीबों को सोने के घर देने वाला, शोषितों का तारणहार और महिलाओं के सम्मान का रक्षक बताकर उसका अनुचित महिमामंडन किया गया है। इसके विपरीत, ताड़का और खर-दूषण की राक्षसी सेना के सामने अस्त्र-शस्त्रों से सुसज्जित प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण को भयभीत होकर पीछे हटते और भागते हुए दिखाया गया है; जबकि निःशस्त्र रावण को अकेले ही विशाल सेना के सामने निर्भय होकर लड़ते हुए दिखाया गया है।
शूर्पणखा की नाक काटे जाने को लेकर माता सीता द्वारा लक्ष्मण को, “किसी भी स्त्री का रूप विकृत करने का तुम्हें कोई अधिकार नहीं है,” ऐसा फटकारते हुए दिखाया गया है। साथ ही, प्रभु श्रीराम द्वारा खर-दूषण नामक राक्षसों से क्षमा मांगने के काल्पनिक और आक्रोशजनक प्रसंग भी जोड़े गए हैं। इसके अतिरिक्त, त्याग और निष्ठा के प्रतीक लक्ष्मण को उद्दंड तथा गुरुजनों का उपहास करने वाले व्यक्ति के रूप में दिखाकर पूजनीय चरित्रों का जानबूझकर अवमूल्यन किया गया है।

मुलुंड पुलिस थाने में दर्ज शिकायत में भारतीय न्याय संहिता (BNS), २०२३ की धारा २९९ (जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण इरादे से धार्मिक भावनाओं को आहत करना) तथा धारा १९६ (धर्म के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य फैलाना) के अंतर्गत गहन जांच कर मामला दर्ज करने की मांग की गई है। निर्माता श्री. नमित मल्होत्रा, निर्देशक श्री. नितेश तिवारी तथा संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा २९९ और १९६ के अंतर्गत प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। जांच के लिए फिल्म की संपूर्ण आधिकारिक प्रति, पटकथा, संवादों की प्रति और आधिकारिक उपशीर्षक प्राप्त किए जाएं तथा प्रत्येक आपत्तिजनक दृश्य का सटीक टाइमस्टैम्प साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा जाए।
मूल ग्रंथ और फिल्म में किए गए परिवर्तनों की तुलना करने के लिए वाल्मीकि रामायण के विद्वानों, संस्कृत विशेषज्ञों और धर्मशास्त्र के जानकारों की राय ली जाए। कलात्मक स्वतंत्रता के नाम पर हिंदुओं के श्रद्धास्थानों और पूजनीय पात्रों का जानबूझकर अपमानजनक चित्रण हिंदू समाज कदापि सहन नहीं करेगा। पुलिस प्रशासन इस शिकायत का तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई करे; अन्यथा लोकतांत्रिक एवं कानूनी मार्ग से और अधिक तीव्र आंदोलन छेड़ा जाएगा, ऐसी चेतावनी हिंदू जनजागृति समिति की ओर से दी गई है।

