कटक में सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा जारी, आज होगा भव्य शिव विवाह

कटक, भगवान भोलेनाथ की असीम कृपा से कटक मारवाड़ी महिला समिति द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा का भव्य एवं भक्तिमय आयोजन 10 अगस्त से मारवाड़ी क्लब, माणिकघोष बाजार, कटक में जारी है। प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक आयोजित हो रही इस कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान शिव की महिमा का श्रवण कर रहे हैं।

कथा का वाचन स्वामी मुकुंद कृष्ण जी द्वारा किया जा रहा है। कथा के प्रथम दो दिनों में महात्म्य, पुराण मंगलाचरण एवं शिवलिंग पूजा रहस्य जैसे आध्यात्मिक प्रसंगों का श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से श्रवण किया। आज 12 अगस्त को कथा के तृतीय दिवस भगवान शिव एवं माता पार्वती के दिव्य विवाह प्रसंग का आयोजन किया जा रहा है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। शिव विवाह प्रसंग के अवसर पर कथा स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया है तथा भक्तिमय वातावरण में महाशृंगार एवं आरती का आयोजन भी किया जा रहा है।

आयोजन के आगामी दिनों में श्री गणेश जन्मोत्सव, तुलसी विवाह, 12 ज्योतिर्लिंग कथा तथा नवदुर्गा प्रसंग, हवन एवं प्रसाद जैसे धार्मिक कार्यक्रम होंगे। कथा का समापन 16 अगस्त को होगा।

 

कटक मारवाड़ी महिला समिति की ओर से बताया गया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना, धार्मिक संस्कार एवं सनातन संस्कृति के प्रति आस्था को सुदृढ़ करना है। पावन श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का विशेष पर्व है। इस माह में भगवान शिव का अभिषेक एवं पूजन तथा श्री शिव महापुराण का श्रवण विशेष आध्यात्मिक महत्व रखता है। इसी पावन भावना के साथ समिति द्वारा इस कथा का आयोजन किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु शिव महापुराण की महिमा का श्रवण कर भक्ति एवं आध्यात्मिक शांति का अनुभव कर सकें।

आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष श्रीमती मधु नांगलिया, सचिव मीरा सांगानेरिया एवं कोषाध्यक्ष कविता संतुका के मार्गदर्शन में समिति की पूरी टीम सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। आयोजन संयोजक चंदा संतुका एवं पुष्पा अग्रवाल तथा कार्यक्रम संयोजक प्रतिभा जैन एवं बबिता अग्रवाल द्वारा कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है। संतोष सिंथोलिया जी की तरफ से सात दिन प्रसाद का विशेष सहयोग रहा इस कार्यक्रम में।

 

समिति की ओर से सभी धर्मप्रेमी बंधु-भगिनियों एवं श्रद्धालुओं से सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में कथा में उपस्थित होने का हार्दिक अनुरोध किया गया है। आइए, इस पवित्र श्रावण मास में हम सभी शिव भक्ति में एक साथ जुड़ें और भगवान भोलेनाथ एवं माता पार्वती का आशीर्वाद प्राप्त करें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *