एनएचआरसी, भारत ने ओडिशा के बलांगीर जिले में एक निर्माण स्थल पर भ्रष्टाचार के आरोपों की रिपोर्टिंग करते समय पत्रकार की कथित निर्दयतापूर्वक पिटाई का स्वतः संज्ञान लिया है।

राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग (एनएचआरसी), भारत ने एक मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है, जिसमें बताया गया है कि 25 मई, 2025 को ओडिशा के बलांगीर जिले के कुलथीपाली गांव में लोगों के एक समूह द्वारा एक टीवी पत्रकार पर शारीरिक हमला किया गया था। कथित तौर पर, जब वह गांव में एक निर्माण स्थल पर गया था, जिसके बारे में लोग भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं, तो बदमाशों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। पीड़ित के पैर और हाथ बांध दिए गए थे, और उसे एक खंभे से बांधने और बेरहमी से पीटने से पहले पूरे गांव में घुमाया गया था।

आयोग ने पाया है कि यदि समाचार रिपोर्ट की सामग्री सत्य है, तो यह पीड़ित पत्रकार के मानव अधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मुद्दा है। इसलिए, आयोग ने ओडिशा के पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर मामले में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

26 मई, 2025 की मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अपराधियों ने पीड़ित के मोबाइल फोन और वीडियो कैमरा भी तोड़ दिए और उसे धमकी दी कि वह घटना या चल रहे निर्माण कार्य के बारे में किसी को कुछ न बताए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *