कटक , कटक मारवाड़ी समाज के अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में संजय शर्मा ने भारी मतों से विजय प्राप्त की। इस विजय में समाज के सभी वर्गों का योगदान रहा। उनपर बरसे इस अपार स्नेह और आशीर्वाद से अभिभूत श्री शर्मा ने आज सबको कृतज्ञता ज्ञापन करने के लिए एक धन्यवाद रैली निकाली।
ढोल नगाड़ों और बाजे-गाजे के साथ अपरान्ह 4 बजे दोलमुण्डी स्थित श्री जगन्नाथ मन्दिर में प्रभु का आशीर्वाद लेने के पश्चात श्री शर्मा की विजय शोभायात्रा प्रारम्भ हुई। श्वेत वस्त्रों में एक खुली जीप में खड़े श्री शर्मा के मुख से ओज झलक रहा था। आगे और पीछे उनके प्रेमीजन, कार्यकर्ता, समर्थक और फैंस बाइक पर सवार होकर रेंगते रेंगते आगे बढ़ रहे थे। रह-रह कर लग रहे “संजय शर्मा जिंदाबाद” के नारों से गगन प्रक्रम्पित हो रहा था। बाइक सवारों की लगभग एक किलोमीटर लम्बी लाइन थी। आगे और पीछे पुलिस की वैन ट्रैफिक को नियंत्रित करती हुई चल रही थी।
रास्ते के दोनों ओर के दुकानदार संजय शर्मा को हाथ जोड़कर अभिवादन कर रहे थे। मकानों की बालकनियों में नारी शक्ति और बच्चे हाथ हिला हिला कर उनका अभिवादन कर रहे थे और सब पर पुष्प वर्षा कर रहे थे। श्री शर्मा भी हाथ जोड़कर और हाथ हिलाकर मुस्कुराते हुए उनके अभिवादन का सम्मान कर रहे थे। मार्ग में जगह जगह लोगों ने अपने प्रिय नेता के प्रति अपना स्नेह प्रकट करने के लिए उन्हें उत्तरीय और फूलमालाएं पहना कर स्वागत किया। हुमस भरे गर्म मौसम में जगह-जगह कई प्रेमीजनों ने शीतल पेय और मिठाइयों की व्यवस्था कर रखी थी।
रंग बिरंगी आतिशबाजी से आकाश प्रज्वलित हो रहा था। रंगीन धुआँ के बीच युवा समर्थक बाजे के साथ झूम झूम कर नाच रहे थे। झोला साही पहुँच कर यह बाइक रैली एक पैदल यात्रा में बदल गयी।
भीड़ इतनी थी कि जगह-जगह जाम लग गया था। स्वयं सेवक ट्रैफिक को नियंत्रित कर रहे थे। नया सड़क में कॉर्पोरेटर अशोक शर्मा ने संजय शर्मा को फूलमाला पहना कर स्वागत किया। करीब 7 बजे यह रैली मारवाड़ी क्लब पहुँची। संजय शर्मा ने इस रैली को सफल बनाने के लिए सबका आभार प्रकट किया। वहाँ जलपान की व्यवस्था थी। इस विजय यात्रा की शोभा बढ़ाने वाले मुख्य गणमान्य व्यक्तियों में गणेश कंदोई, देवकी नंदन जोशी, सुरेश पोद्दार, शंकर गुप्ता, विनोद सराउगी, पदम् भवसिंका, कमल सिकरिया, रवि अग्रवाल, हुकुम सिंह, सिद्धार्थ शर्मा, किशन शर्मा, दिनेश जोशी, प्रदीप शर्मा, मोहन सिंघी, नंदकिशोर जोशी, गोविंद पासोरिया, संजय अग्रवाल, नथमल जोशी अशोक चौबे आदि के अलावा संजय शर्मा के सैकड़ों फैंस थे।