तुलसी विवाह : धार्मिक परंपरा के साथ आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने का मंगलपर्व

तुलसि श्रीसखि शुभे पापहारिणि पुण्यदे । 

नमस्ते नारदनुते नारायणमनःप्रिये ॥ — तुलसीस्तोत्र, श्लोक १५

 

अर्थ : हे तुलसीदेवी ! आप लक्ष्मीजी की सखी, शुभदायिनी, पापों का नाश करने वाली तथा पुण्य प्रदान करने वाली हैं। नारदजी ने आपकी स्तुति की है और आप भगवान श्रीनारायण को अत्यंत प्रिय हैं। आपको मेरा नमस्कार है।

*१. तुलसी विवाह : एक पवित्र धार्मिक परंपरा*

हिंदू धर्म में तुलसी को देवी का स्वरूप मानकर उनकी पूजा की जाती है। तुलसी केवल एक पवित्र वनस्पति नहीं, अपितु भगवान श्रीविष्णु को अत्यंत प्रिय देवी हैं। कार्तिक शुक्ल द्वादशी से पूर्णिमा तक की अवधि में तुलसी विवाह का उत्सव मनाने की परंपरा है। इस अवसर पर तुलसीदेवी का विवाह भगवान श्रीविष्णु के शालिग्राम स्वरूप अथवा श्रीकृष्ण की मूर्ति के साथ विधिपूर्वक संपन्न कराया जाता है।

इस परंपरा में तुलसीदेवी को कन्या के स्वरूप में मानकर उनका विवाह संपन्न किया जाता है। यह उत्सव श्रद्धा, भक्तिभाव एवं आनंद के साथ मनाया जाता है। विष्णुपुराण एवं पद्मपुराण सहित अनेक धार्मिक ग्रंथों में तुलसीदेवी की महिमा तथा उनसे संबंधित पौराणिक प्रसंगों का वर्णन मिलता है।

 

*२. प्रतिवर्ष तुलसी विवाह क्यों किया जाता है ?*

तुलसी विवाह केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, अपितु पुण्यप्रद एवं आध्यात्मिक दृष्टि से महत्त्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान भी है। इसके पीछे अनेक धार्मिक मान्यताएं एवं आध्यात्मिक भाव निहित हैं।

१. तुलसी विवाह को काम्य व्रत माना गया है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसे विधिपूर्वक संपन्न करने से कन्यादान के समान पुण्यफल प्राप्त होता है।

२. ऐसी मान्यता है कि तुलसी विवाह करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा वैवाहिक जीवन की बाधाएं दूर होती हैं। इससे उत्तम संतान की प्राप्ति का आशीर्वाद भी मिलता है।

३. विवाहित स्त्रियां अखंड सौभाग्य की प्राप्ति के उदेश्य से तुलसी विवाह करती हैं।

४. अपनी कन्या को भगवान श्रीकृष्ण के समान आदर्श एवं गुणवान वर प्राप्त हो, इस मंगलकामना से भी तुलसी विवाह किया जाता है।

५. तुलसी विवाह के साथ चातुर्मास के दौरान किए जाने वाले व्रतों का समापन होता है। इसके पश्चात मांगलिक एवं शुभ कार्यों का पुनः आरंभ किया जाता है।

६. इस उत्सव के माध्यम से भावी पीढ़ी को विवाह संस्कारों, धार्मिक परंपराओं एवं भारतीय संस्कृति का महत्त्व समझाने का अवसर मिलता है।

 

*३. तुलसीदेवी का धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्त्व*

हिंदू धर्म में तुलसीदेवी का स्थान अत्यंत पवित्र एवं महत्त्वपूर्ण है। उनकी उपासना को पुण्यप्रद माना गया है। तुलसी का महत्त्व केवल धार्मिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से ही नहीं, अपितु आयुर्वेद एवं पर्यावरण की दृष्टि से भी विशेष है।

१. तुलसी एक बहुगुणकारी एवं औषधीय गुणों से युक्त वनस्पति है। इसी कारण धार्मिक विधियों में भी इसका विशेष महत्त्व है। देवपूजा एवं श्राद्धकर्म में तुलसीदल का उपयोग किया जाता है।

२. गले में तुलसी की माला धारण करना भगवान के प्रति श्रद्धा, भक्ति एवं धर्मपरायणता का प्रतीक माना जाता है।

३. तुलसी भगवान श्रीविष्णु को अत्यंत प्रिय हैं। इसलिए श्रीविष्णु की पूजा में तुलसीदल अर्पित करने का विशेष महत्त्व बताया गया है।

४. दैनिक देवपूजा में तुलसीदल का उपयोग शुभ एवं पुण्यप्रद माना जाता है।

५. धार्मिक मान्यता के अनुसार, मृत्यु के समय व्यक्ति के मुख में तुलसीदल रखने अथवा उसके शरीर पर तुलसीदल रखने से उसे सद्गति प्राप्त होती है।

६. तुलसी का पौधा पर्यावरण की दृष्टि से भी उपयोगी है। यह वातावरण को स्वच्छ एवं सुगंधित बनाए रखने में सहायक है। इसी कारण प्राचीन काल से ही घरों के आंगन में तुलसी वृंदावन बनाने की परंपरा रही है। आजकल शहरी क्षेत्रों में भी घर के द्वार, बालकनी अथवा खिड़की के पास गमले में तुलसी का पौधा लगाया जाता है। घर में तुलसी का पौधा होना शुभ एवं मंगलकारी माना जाता है।

 

*४. तुलसी विवाह से आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने हेतु क्या करें ?*

तुलसी विवाह का वास्तविक उद्देश्य केवल धार्मिक विधि संपन्न करना नहीं, अपितु उसके माध्यम से ईश्वरीय तत्त्व का लाभ प्राप्त करना भी है। इस उत्सव को साधना के एक अवसर के रूप में मनाने के लिए निम्नलिखित प्रयास करने चाहिए।

१. भावपूर्ण दृष्टिकोण रखें !

तुलसी विवाह की तैयारी करते समय यह भाव रखें कि हम साक्षात् माता लक्ष्मी एवं भगवान श्रीविष्णु के विवाह का आयोजन कर रहे हैं। इस भाव से मन में श्रद्धा एवं भक्तिभाव जागृत होगा और प्रत्येक कृत्य अधिक भावपूर्ण ढंग से संपन्न होगा।

२. ईश्वर की शरण में जाकर प्रार्थना करें !

भगवान श्रीविष्णु एवं माता लक्ष्मी के श्रीचरणों में शरणागत होकर प्रार्थना करें, ‘हे प्रभु ! आपकी इच्छा एवं संकल्प के अनुसार ही यह विवाह समारोह संपन्न हो। आप ही हमसे यह सेवा भावपूर्ण ढंग से करवा लीजिए।’

३. मन को आनंदी एवं सकारात्मक रखें !

विवाह की तैयारियों के समय कभी-कभी जल्दबाजी एवं अव्यवस्था के कारण तनाव, चिड़चिड़ापन अथवा मन की अस्थिरता बढ़ सकती है। ऐसी स्थिति में अपने मन का निरीक्षण करें तथा मन को शांत, आनंदी एवं सकारात्मक रखने का प्रयास करें।

४. नियोजनपूर्वक एवं सामूहिक सहभाग से कार्य करें !

विवाह की सभी तैयारियों का नियोजन पहले से कर लें। आयोजन के विभिन्न कार्यों में परिवार के सदस्यों एवं अन्य भक्तों को भी सहभागी बनाएं। इससे सामूहिक भाव, सहयोग एवं सेवाभाव विकसित होगा।

५. ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करें !

तुलसी विवाह का आयोजन निर्विघ्न एवं भावपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर भगवान श्रीविष्णु एवं माता लक्ष्मी के श्रीचरणों में कृतज्ञता व्यक्त करें। यह भाव रखें कि उनकी कृपा से ही यह सेवा संपन्न हो सकी।

 

*५. तुलसी विवाह संध्याकाल में ही क्यों किया जाता है ?*

तुलसी विवाह सामान्यतः संध्याकाल में, विशेषकर गोधूलि बेला में संपन्न किया जाता है। गोधूलि बेला अर्थात वह समय, जब गायें चरागाह से लौटकर घर आती हैं।

धार्मिक मान्यता के अनुसार, प्रबोधिनी एकादशी के दिन भगवान श्रीविष्णु योगनिद्रा से जागृत होकर पुनः सृष्टि के संचालन का कार्य आरंभ करते हैं। इसके पश्चात तुलसी विवाह का आयोजन किया जाता है। मान्यता है कि इस समय वातावरण में विष्णुतत्त्व एवं लक्ष्मीतत्त्व की सक्रियता अधिक रहती है। इन दैवी तत्त्वों का अधिकाधिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से संध्याकाल में तुलसी विवाह करने की परंपरा प्रचलित है।

 

*६. तुलसी विवाह का बदलता स्वरूप : दिखावे से बचें, भक्तिभाव बढ़ाएं !*

वर्तमान समय में अनेक स्थानों पर तुलसी विवाह के आयोजनों में पारंपरिक भक्तिभाव की अपेक्षा दिखावे एवं बाह्य आडंबर को अधिक महत्त्व दिया जाने लगा है। विद्युत रोशनी से अत्यधिक सजावट, अनावश्यक एवं खर्चीले आयोजन, पटाखों का अत्यधिक उपयोग तथा कुछ स्थानों पर पारंपरिक प्रसाद के स्थान पर भव्य भोज एवं बुफे जैसी प्रथाएं प्रचलित होती जा रही हैं।

वास्तव में तुलसी विवाह का उद्देश्य बाहरी भव्यता का प्रदर्शन करना नहीं, अपितु श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक भाव से इस पवित्र परंपरा का पालन करना है। अतः इस उत्सव को सादगीपूर्ण, शास्त्रसम्मत एवं भावपूर्ण ढंग से मनाना चाहिए। बाहरी सजावट एवं आडंबर की अपेक्षा मन में भक्तिभाव जागृत करने और ईश्वर के प्रति समर्पण बढ़ाने पर अधिक ध्यान देना चाहिए।

 

*आइए, तुलसी विवाह का आध्यात्मिक महत्त्व समझकर इस मंगलपर्व को भावपूर्ण ढंग से मनाएं !*

तुलसी विवाह भारतीय संस्कृति की एक अनमोल धार्मिक परंपरा है। यह उत्सव हमें भगवान श्रीविष्णु एवं तुलसीदेवी के प्रति श्रद्धाभाव जागृत करने तथा धार्मिक संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की प्रेरणा देता है।

आइए, तुलसी विवाह का शास्त्रीय एवं आध्यात्मिक महत्त्व समझकर इसे केवल एक उत्सव के रूप में न मनाते हुए ईश्वर की उपासना एवं साधना के एक पवित्र अवसर के रूप में मनाएं। इस परंपरा का पालन करते समय प्रत्येक कृत्य भावपूर्ण ढंग से करने का प्रयास करें, जिससे धार्मिक परंपराओं का संरक्षण होने के साथ ही हमें आध्यात्मिक लाभ भी प्राप्त हो सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *