कटक नयासड़क में महिला एसीपी से धक्का-मुक्की और हाथापाई, 10 लोग हिरासत में – पुलिस का सख्त एक्शन

कटक: ओडिशा के कटक स्थित नया सड़क (Nayasadak) इलाके में देर रात पटाखा फोड़ने को लेकर स्थानीय व्यापारियों और पुलिस प्रशासन के बीच विवाद गहरा गया। निर्धारित समय सीमा यानी रात 9 बजे के बाद सड़क पर आतिशबाजी करने और राहगीरों की ओर जलते पटाखे फेंकने की शिकायतें मिलने के बाद जब मौके पर पुलिस टीम पहुंची, तो हालात तनावपूर्ण हो गए।

 

गश्त पर निकली क्विक एक्शन टीम (QRT) और महिला एसीपी अनन्या अवस्थी ने जब सार्वजनिक मार्ग पर आतिशबाजी कर रहे युवकों और दुकानदारों को रोका, तो उपद्रवियों ने नियमों का पालन करने के बजाय पुलिस बल के साथ तीखी बहस शुरू कर दी। आरोप है कि आक्रोशित भीड़ में से कुछ लोगों ने पुलिस टीम और महिला अधिकारी की ओर जलते हुए पटाखे फेंके। स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास के दौरान उपद्रवियों ने एसीपी और जवानों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई भी की।

घटना की सूचना मिलते ही शहर के वरिष्ठ अधिकारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ नया सड़क पहुंचे और स्थिति को काबू में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से 10 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। पूरे इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

 

कटक के डीसीपी ऋषिकेश खिलारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट किया है कि ऑन-ड्यूटी महिला पुलिस अधिकारी और सुरक्षाकर्मियों पर हमला करने तथा कानून हाथ में लेने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो फुटेज के जरिए उपद्रव में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है। सरकारी कार्य में बाधा डालने, शांति भंग करने और विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *