हिंदी पखवाड़े में गूंजा कविता का रंग: नवोदय विद्यालय में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन

हास्य-व्यंग्य, ग़ज़ल और भावपूर्ण रचनाओं से कवियों ने बांधा समां; विद्यार्थियों में हिंदी साहित्य के प्रति बढ़ा उत्साह 

 

जगतसिंहपुर, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, साइलो में राजभाषा हिंदी पखवाड़े के अवसर पर राष्ट्रीय कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य हिंदी के प्रचार-प्रसार और विद्यार्थियों में साहित्यिक रुचि विकसित करना था।

 

दीप प्रज्ज्वलन के बाद अतिथि कवियों का अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। प्राचार्य श्री कृष्ण महापात्र ने बताया कि विद्यालय में कक्षा 6 से 12 तक के लगभग 500 विद्यार्थी छात्रावास में रहकर पढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय का पहला राष्ट्रीय कवि सम्मेलन है और भविष्य में भी ऐसे आयोजन किए जाएंगे।

कक्षा 10वीं की छात्रा श्रिया दास ने राधा-कृष्ण प्रेम पर आधारित कविता से कार्यक्रम की शुरुआत की। हिंदी विभागाध्यक्ष श्री सिमांचल गौड़ ने स्वागत भाषण दिया, जबकि भुवनेश्वर से आए कवि श्री विक्रमादित्य सिंह ने मंच संचालन किया। उन्होंने शेर प्रस्तुत किया—

 

“कौन कहता है कि ज़िंदगी परेशानियों से आबाद है,

बच्चों के साथ मुस्कुराकर देखिए, ज़िंदगी आबाद है।”

 

कवि आशीष विद्यार्थी ने हास्य-व्यंग्य, अभिनाश दाश ने सामाजिक विसंगतियों पर व्यंग्य और कवयित्री स्मिता कानूनगो ने युवा पीढ़ी पर मार्मिक कविता प्रस्तुत की। श्री सिमांचल गौड़ ने भावपूर्ण रचनाएं सुनाईं, जबकि वरिष्ठ कवि श्री किशन खंडेलवाल ने विद्यालय और समाज पर केंद्रित हास्य-व्यंग्य प्रस्तुत किया। अंत में श्री विक्रमादित्य सिंह ने “मैं हिंदी का बेटा हूं…” कविता और ग़ज़लों से श्रोताओं को प्रभावित किया।

उप-प्राचार्य श्री जयंत कुमार पाणी ने धन्यवाद ज्ञापन में कहा कि मातृभाषा के सम्मान के साथ अन्य भाषाओं का विकास भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व-विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *