महाराजा अग्रसेन मेधावी शिक्षा सम्मान समारोह हेतु विशेष बैठक सम्पन्न ; 6 जून को शहीद भवन, कटक में होगा भव्य सम्मान समारोह

कटक , अग्रवाल समाज कटक एवं अंतर्राष्ट्रीय अग्रवाल सम्मेलन, कटक इकाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले “महाराजा अग्रसेन मेधावी शिक्षा सम्मान समारोह” की तैयारियों को अंतिम रूप देने हेतु आज सायंकाल मारवाड़ी हिंदी विद्यालय प्रांगण में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों संस्थाओं के अनेक पदाधिकारी एवं समाजसेवी सदस्य उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम को सफल, प्रेरणादायी एवं भव्य बनाने के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।

अग्रवाल समाज कटक के अध्यक्ष श्री विश्वनाथ चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि 6 जून को अपराह्न 4:00 बजे से शहीद भवन, चौधरी बाजार, कटक में भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के प्रथम चरण में अंतर्राष्ट्रीय अग्रवाल महिला इकाई, कटक का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा, जिसमें श्रीमती चंदा संतुका अपनी पूरी टीम के साथ पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण करेंगी।

इसके पश्चात सायं 5:00 बजे से 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया जाएगा।

कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए अंतर्राष्ट्रीय अग्रवाल सम्मेलन, कटक इकाई के अध्यक्ष श्री महेंद्र अग्रवाल ने बताया कि समारोह में समाज एवं देश के अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को आमंत्रित किया गया है। इनमें आईएएस एवं आईपीएस अधिकारी, डॉक्टर, इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, आईआईएम स्नातक, वरिष्ठ सरकारी अधिवक्ता तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ प्राप्त करने वाले सफल व्यक्तित्व शामिल रहेंगे।

उन्होंने कहा कि ये सभी विशिष्ट अतिथि विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें करियर चयन, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता तथा जीवन में सफलता प्राप्त करने के महत्वपूर्ण सूत्र प्रदान करेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास का विकास करना तथा उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करना है।

अंतर्राष्ट्रीय अग्रवाल सम्मेलन के कार्यकारी अध्यक्ष श्री मनोज नांगलिया ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता के पीछे उसकी मेहनत, लगन एवं प्रतिभा के साथ-साथ माता-पिता का मार्गदर्शन, संस्कार, प्रोत्साहन एवं त्याग भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रत्येक सफल विद्यार्थी के पीछे अभिभावकों का अथक परिश्रम और समर्पण निहित होता है। इसलिए जब प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का सम्मान किया जाए, तब समाज के गणमान्य नागरिकों, बुद्धिजीवियों एवं अभिभावकों की उपस्थिति उस अवसर को और अधिक गौरवपूर्ण बना देती है।

अग्रवाल समाज कटक के सचिव श्री बिजय जालान तथा अंतर्राष्ट्रीय अग्रवाल सम्मेलन, कटक इकाई के उपाध्यक्ष श्री अनिल अग्रवाल(गोयंका) श्री प्रकाश अग्रवाल एवं श्री बिजय अग्रवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि समाज एवं अभिभावकों की उपस्थिति न केवल सम्मानित विद्यार्थियों के लिए गर्व एवं प्रेरणा का विषय होगी, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी शिक्षा एवं उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

बैठक में अग्रवाल समाज कटक के कोषाध्यक्ष श्री राजकुमार चौधरी, श्री बिखराज अग्रवाल (गोयनका), श्री श्यामसुंदर गुप्ता तथा अंतर्राष्ट्रीय अग्रवाल सम्मेलन के श्री रमण बगड़िया, श्री किशन मोदी, श्री अरुण पाटोदिया, श्री चंदन बथवाल, श्री बंटी अग्रवाल, श्री राजकुमार सिंघानिया, श्री संतोष बानपुरिया, श्री मनोज उदयपुरिया, श्री शरत सांगनेरिया, श्री कैलाश प्रसाद सांगनेरिया, श्री राजकुमार चुड़ीवाल एवं श्री मनीष मोदी सहित अनेक समाजसेवियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

बैठक का वातावरण अत्यंत सकारात्मक एवं उत्साहपूर्ण रहा तथा सभी सदस्यों ने एक स्वर में इस आयोजन को समाज के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायी एवं भविष्य निर्माण में सहायक बताया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *