लेफ्टिनेंट जनरल सीजी मुरलीधरन ने चिकित्सा सेवा महानिदेशक (सेना) का पदभार ग्रहण किया

लेफ्टिनेंट जनरल सी. जी. मुरलीधरन ने लेफ्टिनेंट जनरल साधना एस. नायर, एवीएसएम, वीएसएम से चिकित्सा सेवा महानिदेशक (सेना) का पदभार ग्रहण किया है। लेफ्टिनेंट जनरल साधना एस. नायर राष्ट्र को चार दशकों से अधिक की विशिष्ट सेवा प्रदान करने के बाद 30 सितंबर, 2025 को सेवानिवृत्त हो गईं।

लेफ्टिनेंट जनरल मुरलीधरन प्रतिष्ठित सशस्त्र बल चिकित्सा महाविद्यालय (एएफएमसी), पुणे के पूर्व छात्र रहे हैं। उनको वर्ष 1987 में सेना चिकित्सा कोर में कमीशन प्रदान किया गया था। एक प्रतिष्ठित रेडियोलॉजिस्ट के रूप में, जनरल अधिकारी का कैरियर उत्कृष्ट रहा है, जिसमें कमान, कार्मिक और प्रशिक्षण संबंधी नियुक्तियों का संतुलित अनुभव शामिल है। उन्होंने उत्तरी एवं पश्चिमी युद्ध क्षेत्र में विभिन्न चिकित्सा प्रतिष्ठानों में सेवा दी है और विविध परिचालन तथा प्रशासनिक परिस्थितियों में समृद्ध अनुभव अर्जित किया है।

सेना चिकित्सा सेवा के प्रमुख के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल मुरलीधरन का मुख्य ध्यान सेवारत कार्मिकों, भूतपूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए समग्र, सुलभ एवं उच्च-गुणवत्ता वाली चिकित्सा देखभाल सुनिश्चित करने पर केंद्रित होगा। उभरती सुरक्षा चुनौतियों, तकनीकी प्रगतियों और आधुनिक युद्ध के बदलते स्वरूप को ध्यान में रखते हुए, वे अग्रिम चिकित्सा प्रतिष्ठानों की चिकित्सा तत्परता तथा क्षमता को सुदृढ़ बनाने को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल करेंगे।

उनके नेतृत्व में, सेना चिकित्सा कोर सशस्त्र बल समुदाय को विश्व-स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता को और सशक्त बनाएगी। अपने महान आदर्श वाक्य “सर्वे सन्तु निरामयाः” अर्थात् “सभी स्वस्थ रहें” की भावना को संजोते हुए कोर सभी के लिए स्वास्थ्य, कल्याण और सेवा उत्कृष्टता सुनिश्चित करने के अपने संकल्प को निरंतर बनाए रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *