रावण का महिमामंडन और प्रभु श्रीराम का अपमान करनेवाली ‘रामायण’ फिल्म के विरोध में दादर, मुंबई में आंदोलन

*आपत्तिजनक दृश्य हटाकर फिल्म का पुनः परीक्षण करने की मांग!*

 

 _निःशस्त्र रावण हजारों से लड़ता है; जबकि शस्त्रधारी श्रीराम-लक्ष्मण राक्षसों को देखकर भागते हैं? रामायण का ऐसा विकृतिकरण हिंदुस्थान सहन नहीं करेगा!_ 

 

*मुंबई*– हाल ही में प्रदर्शित हुई ‘रामायण’ फिल्म में मूल रामायण के प्रसंगों को विकृत करके रावण का उदात्तीकरण किया गया है, जबकि प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के आदर्श चरित्रों का अवमूल्यन किया गया है। करोड़ों हिंदुओं की आस्था के केंद्र रामायण के साथ इस प्रकार छेड़छाड़ करके उसके माध्यम से एक विशेष वैचारिक एजेंडे को आगे बढ़ाने का प्रयास हिंदू समाज कदापि सहन नहीं करेगा। इस फिल्म के आपत्तिजनक दृश्य और संवाद तत्काल हटाए जाएं तथा आगामी भाग प्रदर्शित करने से पहले उसका संतों, रामायण के विद्वानों और धर्मशास्त्रों के जानकारों के समक्ष परीक्षण किया जाए। इन मांगों को लेकर 20 नवंबर को दादर रेलवे स्टेशन के बाहर हिंदू जनजागृति समिति की ओर से हिंदू राष्ट्र-जागृति आंदोलन किया गया। इस आंदोलन में हिंदुत्वनिष्ठ संगठनों, धर्मप्रेमी नागरिकों और रामभक्तों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस अवसर पर केंद्रीय फिल्म प्रमाणन मंडल को दिए जाने वाले ज्ञापन पर बड़ी संख्या में नागरिकों ने हस्ताक्षर कर उसमें की गई मांगों का समर्थन किया। इसी प्रकार कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पर भी आंदोलन किया गया।

*फिल्म के कुछ दृश्य देखकर यह प्रश्न उठता है कि यह रामायण की फिल्म है या रावण का उदात्तीकरण करनेवाली कहानी !*

 

फिल्म में दिखाया गया है कि अस्त्र-शस्त्रों से सुसज्जित प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता राक्षसों को देखकर भाग रहे हैं; जबकि दूसरी ओर निःशस्त्र रावण अकेले ही हजारों सैनिकों से युद्ध करके उनका वध कर रहा है। रावण की छवि गरीबों को सोने के घर देने वाले और शोषितों के रक्षक के रूप में प्रस्तुत की गई है।

शूर्पणखा के पति विद्युत्जीव की एक दासी से छेड़छाड़ करने के कारण हत्या करने वाले रावण को महिलाओं का रक्षक दिखाया गया है; जबकि इसी रावण द्वारा माता सीता का अपहरण किए जाने के तथ्य की अनदेखी की गई है। शूर्पणखा के प्रसंग में लक्ष्मण द्वारा उसकी नाक काटे जाने के बाद माता सीता लक्ष्मण को यह कहते हुए दिखाया गया है कि, ‘आपको किसी स्त्री के रूप को विकृत करने का अधिकार नहीं है।’ इसी प्रकार प्रभु श्रीराम द्वारा खर-दूषण के समक्ष लक्ष्मण के कृत्य के लिए क्षमा मांगने का दृश्य भी दिखाया गया है। लक्ष्मण को उद्दंड, व्यंग्यात्मक और बड़ों का अनादर करने वाले व्यक्ति के रूप में प्रस्तुत किया गया है। माता सीता को राक्षसों से युद्ध करते हुए दिखाया गया है; लेकिन जब रावण उनका अपहरण करता है, तब वे उसका प्रतिकार नहीं करतीं। ऐसे अनेक प्रसंगों के माध्यम से मूल रामायण की कथा और चरित्रों से पूरी तरह विपरीत चित्र प्रस्तुत किया गया है। यह केवल कल्पनाशीलता का विषय नहीं, बल्कि रामायण के आदर्शों का विकृतिकरण है।

*फिल्म प्रमाणन मंडल ने इन गंभीर विषयों की अनदेखी कैसे की?*

 

भारतीय सिनेमैटोग्राफ अधिनियम, 1952 और केंद्र सरकार के फिल्म प्रमाणन संबंधी दिशानिर्देशों में धार्मिक समूहों का अपमान करनेवाले तथा महिलाओं का अवमूल्यन करनेवाले दृश्यों के संबंध में स्पष्ट मानदंड निर्धारित हैं। ऐसे में इस फिल्म को प्रमाणपत्र देते समय क्या संबंधित मानदंडों पर विचार किया गया था, इसका उत्तर केंद्रीय फिल्म प्रमाणन मंडल को देना चाहिए। अन्य धर्मों की धार्मिक भावनाओं को आहत करनेवाली फिल्मों के विरोध पर ध्यान दिया जाता है; तो फिर हिंदुओं की आस्थाओं का विषय आने पर ही प्रमाणन मंडल की भूमिका उदासीन क्यों हो जाती है? इस मामले में मंडल को फिल्म का पुनः परीक्षण करके अपनी भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए।

 

*रामायण मनोरंजन के लिए मनमाने बदलाव करने का विषय नहीं है। प्रभु श्रीराम के पराक्रम को कमतर दिखाकर रावण को महान सिद्ध करने और हिंदुओं के श्रद्धास्थानों का अवमूल्यन करने का प्रयास हिंदू समाज सहन नहीं करेगा। फिल्म निर्माताओं और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन मंडल को इस आंदोलन की गंभीरता से दखल लेकर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए, ऐसी दृढ़ मांग आंदोलनकारियों ने की।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *