‘पर्यावरण चेतना आंदोलन’: एक स्थायी विश्व की शुरुआत आंतरिक बदलाव से’* – श्री. शॉन क्लार्क
*अंताल्या (तुर्कीये) :* तुर्कीये के अंताल्या में आयोजित ‘कॉप-31’ (COP31) वैश्विक जलवायु सम्मेलन में ‘स्पिरिच्युअल साइंस रिसर्च फाउंडेशन’ (SSRF) के संपादक और ‘महर्षि अध्यात्म विश्वविद्यालय (MAV) के शोध प्रमुख शॉन क्लार्क ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में भाग लिया। उन्होंने इस वैश्विक मंच पर जलवायु परिवर्तन के समाधान में मानवीय चेतना की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए भारत का दृष्टिकोण प्रस्तुत किया।
भारत के केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव की अध्यक्षता में आयोजित भारतीय प्रतिनिधिमंडल के एक विशेष कार्यक्रम में उनकी भागीदारी इस दौरे का एक प्रमुख आकर्षण रही।

*जलवायु फंडिंग में मानवीय व्यवहार को भी मिले स्थान*
‘कोत द’इव्हॉयर 2030’ (Côte d’Ivoire 2030) के ‘क्लाइमेट ट्रांजिशन टैक्सोनॉमी’सत्र में शॉन क्लार्क ने एक अहम प्रश्न उठाया कि, क्या जलवायु वित्तपोषण में तकनीकी समाधानों और आधारभूत संरचनाओं के विकास के साथ-साथ मानवीय व्यवहार, चेतना और सतत जीवनशैली को प्रोत्साहित करने वाले प्रयासों में निवेश को भी महत्व दिया जाना चाहिए?
उन्होंने कहा, ‘‘जलवायु वित्तपोषण के लिए ऐसी रूपरेखाएँ विकसित करते समय, जिनके आधार पर यह निर्धारित किया जाता है कि कौन-सी परियोजनाएँ वित्तीय सहायता पाने की पात्र हैं, क्या हमारा ध्यान केवल तकनीकी समाधानों और आधारभूत संरचनाओं के विकास तक सीमित है, या हम मानवीय व्यवहार, चेतना और सतत जीवनशैली को प्रोत्साहित करने वाले प्रयासों में निवेश को भी इसमें सम्मिलित कर रहे हैं? वास्तव में यह समझना आवश्यक है कि जलवायु परिवर्तन केवल पर्यावरण या तकनीक से जुड़ी समस्या नहीं है, अपितु यह इस बात का परिणाम भी है कि मनुष्य किस प्रकार सोचते हैं, व्यवहार करते हैं और निर्णय लेते हैं।’’

*वैश्विक चर्चाएं और अंतरराष्ट्रीय नेताओं से संवाद*
सम्मेलन में शॉन क्लार्क ने ‘हरित – पाथवेज टू क्लाइमेट पीस’ (HARIT – Pathways to Climate Peace) सत्र में प्रमुख वक्ता के तौर पर पर्यावरण चेतना पर एमएव्ही (MAV) और एसएसआरएफ (SSRF) के विचार साझा किए। इसके अलावा, उन्हें जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने पर केंद्रित ‘वन ओशन, वन प्लैनेट, वन फ्यूचर’ जैसे कई अन्य सत्रों में भी आमंत्रित किया गया था।
इस दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री मैल्कम टर्नबुल, इंडोनेशिया के पर्यावरण मंत्रालय की सचिव रोजा विवियन रत्नावती, ब्राजील के राष्ट्रपति कार्यालय के प्रतिनिधि, इथियोपिया से ‘कॉप-32’ के अध्यक्ष तथा ‘यूएनएफसीसीसी’ (UNFCCC) और ‘ब्रह्मकुमारीज’ के प्रतिनिधियों के साथ सार्थक बातचीत की।

*प्राचीन भारतीय ज्ञान प्रणाली और पर्यावरण का संतुलन*
महर्षि अध्यात्म विश्वविद्यालय और एसएसआरएफ, प्राचीन भारतीय ज्ञान प्रणाली (IKS) पर आधारित शोध के माध्यम से जलवायु विमर्श को एक विशिष्ट दृष्टिकोण दे रहे हैं। उनके शोध के अनुसार, हमारे विचार, कर्म, आचरण और सामूहिक जीवनशैली हमारे आसपास सत्त्व (आध्यात्मिक शुद्धता) और रज-तम (आध्यात्मिक अशुद्धता) के अनुपात को प्रभावित करते हैं। इसका सीधा प्रभाव पंचमहाभूतों और पर्यावरण पर पड़ता है। उदाहरण के लिए, बढ़े हुए रज-तम से जल तत्व में असंतुलन पैदा होता है, जो बाढ़, सुनामी, समुद्र का जलस्तर बढ़ने और सूखे जैसी आपदाओं के रूप में सामने आता है; जबकि सत्त्वगुण की वृद्धि पर्यावरण में संतुलन को बढ़ावा देती है।
अपने ‘पर्यावरण चेतना आंदोलन – एक टिकाऊ दुनिया की शुरुआत आंतरिक बदलाव से’ (Environmental Consciousness Movement – A Sustainable World Begins with Inner Transformation) के माध्यम से एमएव्ही और एसएसआरएफ का मानना है कि पर्यावरण की स्थायी सुरक्षा के लिए केवल बाहरी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि साधना, सदाचार और सात्त्विक जीवनशैली के जरिए आंतरिक बदलाव लाना भी अनिवार्य है।

