रावण का उदात्तीकरण, मूल रामायण से छेड़छाड़ और ‘कम्युनिस्ट एजेंडा’ फैलाने वाला चित्रपट हम सहन नहीं करेंगे! – हिन्दू जनजागृति समिति

हाल ही में प्रदर्शित हुए ‘रामायण’ चित्रपट के कुछ दृश्यों में ‘रचनात्मक स्वतंत्रता’ के नाम पर महर्षि वाल्मीकि रचित रामायण की मूल कथा के साथ जानबूझकर छेड़छाड़ की गई है। इसमें रावण का अनावश्यक उदात्तीकरण, अनेक प्रसंगों का विपर्यास, लक्ष्मण का अवमूल्यन और प्रभु श्रीराम-लक्ष्मण के पराक्रम के विपरीत किया गया चित्रण जैसी कई बातें अत्यंत उद्वेलित करने वाली और आक्षेपार्ह हैं। ‘रामायण’ करोड़ों हिन्दुओं की श्रद्धा का विषय है। इस चित्रपट में ‘कम्युनिस्ट एजेंडा’ चलाए जाने की बात भी स्पष्ट दिखाई देती है। इसलिए, यदि राम के स्थान पर रावण का महिमामंडन किया जाएगा और हमारे धर्मग्रंथों के संदर्भों को तोड़ा-मरोड़ा जाएगा, तो हम इस चित्रपट के आगामी दूसरे भाग का कड़ा विरोध करेंगे। “कम्युनिस्ट नैरेटिव फैलाने वाले इस चित्रपट को सनातनी हिन्दुओं को नहीं देखना चाहिए,” ऐसा आवाहन हिन्दू जनजागृति समिति के महाराष्ट्र एवं छत्तीसगढ़ राज्य संगठक *श्री. सुनील घनवट* ने संवाददाता सम्मेलन में किया। आज ‘मुंबई मराठी पत्रकार संघ’ में आयोजित इस संवाददाता सम्मेलन में सनातन संस्था के राष्ट्रीय प्रवक्ता *श्री. अभय वर्तक* और हिन्दू जनजागृति समिति के मुंबई प्रवक्ता *श्री. सतीश कोचरेकर* भी उपस्थित थे।

इस अवसर पर सनातन संस्था के प्रवक्ता अभय वर्तक ने कहा कि, जो रामायण में है, वैसा ही चित्रण होना अपेक्षित है। परंतु कई प्रसंगों में मूल रामायण के प्रसंगों के साथ छेड़छाड़ की गई है। यह स्वीकार्य नहीं है। आज जब देश में रामभक्त प्रधानमंत्री हैं और राम को आदर्श मानने वाली सरकार है, ऐसे में कलाकृतियों के माध्यम से इतिहास को तोड़ा-मरोड़ा जा रहा हो, तो यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

श्री. घनवट ने आगे कहा कि, ‘सेंसर बोर्ड’ (CBFC) हिन्दुओं को छोड़कर अन्य सभी धर्मों के लोगों की भावनाओं का ध्यान रखता है, परंतु हिन्दुओं की धार्मिक भावनाओं का उनके लिए कोई मूल्य नहीं है। सेंसर बोर्ड को किसी भी धर्मग्रंथ पर आधारित चित्रपट को प्रमाणपत्र देते समय उसका पूरा अध्ययन करना चाहिए।

*इस चित्रपट पर हमारे प्रमुख आक्षेप निम्नलिखित हैं :-*

*1.* वास्तव में ऋषि-मुनियों के आश्रमों को नष्ट करने वाले पापी रावण को इस चित्रपट में गरीबों को सोने के घर देने वाले, शोषितों के तारणहार के रूप में चित्रित किया गया है। रावण राक्षसों का राजा था। राक्षस शोषित नहीं, बल्कि अत्याचारी थे। इस चित्रपट में शोषित समाज को न्याय दिलाने वाला, अर्थात् कम्युनिस्टों की विचारधारा पर आधारित रावण दिखाया गया है।

*2.* माता सीता का हरण करने वाले और अनेक महिलाओं पर अत्याचार करने के कारण ‘परस्त्री को स्पर्श करने पर भस्म हो जाने का शाप’ पाए हुए रावण को एक दासी से छेड़छाड़ करने पर शूर्पणखा के पति विद्युत्जिव्ह को मारते हुए और ‘महिलाओं के सम्मान का रक्षक’ दिखाया गया है। यह भी पूरी तरह से एक कम्युनिस्ट एजेंडा है।

*3.* चित्रपट में दिखाया गया है कि शूर्पणखा राम के पास केवल ‘विवाह का प्रस्ताव’ लेकर आई थी और केवल इसी बात पर लक्ष्मण ने उसकी नाक काट दी। इससे भी अधिक क्रोध दिलाने वाली बात यह है कि इस प्रसंग के बाद चित्रपट में माता सीता लक्ष्मण को फटकारते हुए कहती हैं कि, “किसी स्त्री के रूप को भंग करने का तुम्हें कोई अधिकार नहीं है।” साथ ही, लक्ष्मण द्वारा शूर्पणखा की नाक काटने के कृत्य के लिए प्रभु श्रीराम को खर-दूषण जैसे राक्षसों से क्षमायाचना करते हुए दिखाया गया है। यह अत्यंत आक्षेपार्ह है। जो रामायण में कभी हुआ ही नहीं, उसे केवल तथाकथित नारीवादी आंदोलन की भूमिका का प्रचार करने के लिए जबरन घुसेड़ा गया है।

*4.* खर-दूषण और उनके 14 हजार राक्षसों, तथा ताड़का के साथ युद्ध करते समय प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण को राक्षसों की सेना से भागते हुए दिखाया गया है। वस्तुतः, भगवान विष्णु के अवतार श्रीराम और लक्ष्मण अजेय योद्धा थे। उन्होंने युद्धभूमि से कभी भागना तो दूर, पीछे हटना भी स्वीकार नहीं किया। एक ओर रावण को हजारों की सेना के सामने निहत्थे लड़ते हुए दिखाना और दूसरी ओर श्रीराम को राक्षसों से भागते हुए दिखाना, रावण का उदात्तीकरण और प्रभु श्रीराम का घोर अपमान है।

*5.* लक्ष्मण के आदर्श चरित्र का जानबूझकर अवमूल्यन किया गया है। चित्रपट में लक्ष्मण को निरंतर उद्दंड, क्रोधी और आज के किसी ‘कॉमेडी’ पात्र की तरह संवाद करते हुए दिखाया गया है। अत्यंत विनम्र और निष्ठावान लक्ष्मण को श्रीराम, भगवान परशुराम और अन्य पूजनीय ऋषियों से व्यंग्यात्मक भाषा में बात करते हुए दिखाया गया है। ऋषि विश्वामित्र और अगस्त्य मुनि से वे यह कहते हुए दिखाए गए हैं कि “राम की तरह मैंने भी राक्षसों का वध किया है, तो मुझे भी अस्त्रविद्या मिलनी चाहिए।” वास्तव में वाल्मीकि रामायण के अनुसार, विश्वामित्र ने श्रीराम-लक्ष्मण दोनों को ‘बला-अतिबला’ विद्या दी थी। त्याग और निष्ठा के साक्षात् उदाहरण लक्ष्मण को इस प्रकार दिखाना, धर्मग्रंथों में दिए गए ज्ञान के साथ की गई अत्यंत घृणित छेड़छाड़ है।

*6.* इस चित्रपट में माता सीता को अन्य राक्षसों से स्वयं लड़ते हुए दिखाया गया है; परंतु जब रावण उनका अपहरण करता है तो वे कोई प्रतिकार नहीं करतीं, यह एक बहुत बड़ा विरोधाभास है। माता सीता युद्ध करती हैं, ऐसा वाल्मीकि रामायण में कहीं भी उल्लेख नहीं है।

*7.* मूल रामायण के अनुसार सीता-स्वयंवर में रावण भी उपस्थित था और वह शिवधनुष नहीं उठा सका था, जिसके कारण वह लज्जित हुआ था। यह वास्तविकता होने के बावजूद, चित्रपट में रावण को इस प्रसंग में दिखाया ही नहीं गया है। श्रीराम के सामर्थ्य के सामने रावण को कम दिखाना, संभवतः निर्माताओं के कम्युनिस्ट एजेंडे में फिट नहीं बैठता होगा।

*श्री. घनवट ने आगे कहा कि* , धार्मिक कथाओं से छेड़छाड़ किए बिना चित्रपट बनाए गए हैं या नहीं, यह जाँचने की पूरी जिम्मेदारी सेंसर बोर्ड की होती है। परंतु उन्होंने अन्य समय की तरह अपना काम ठीक से नहीं किया है। यदि ‘मैसेंजर ऑफ गॉड’ को मुसलमानों का विरोध होता है, इसलिए उस चित्रपट पर महाराष्ट्र में प्रतिबंध लगा दिया जाता है; ‘द दा विंची कोड’ चित्रपट का ईसाई विरोध करते हैं, इसलिए गोवा और केरल में उस पर प्रतिबंध लगा दिया जाता है। इतना ही नहीं, ‘कमाल धमाल मालामाल’ चित्रपट में ‘एक फादर कुत्ते की शादी करवाता है’ इस प्रसंग के कारण चित्रपट प्रदर्शित होने के एक सप्ताह बाद ईसाई समुदाय विरोध करता है, और सेंसर बोर्ड उस चित्रपट को वापस लेकर उसमें सुधार कर पुनः प्रदर्शित करता है। तो फिर हिन्दुओं की धार्मिक भावनाओं के प्रति सेंसर बोर्ड इतना असंवेदनशील क्यों है, यह हमारे लिए एक बड़ा प्रश्न है।

इस चित्रपट के आक्षेपार्ह दृश्यों के संदर्भ में हम निर्माता, निर्देशक और सेंसर बोर्ड को यह बताना चाहते हैं कि, यदि इस चित्रपट की तरह इसके दूसरे भाग में भी छेड़छाड़ पाई गई, तो हम देशभर में सड़कों पर उतरकर इस चित्रपट का कड़ा विरोध करेंगे। दूसरा भाग प्रदर्शित होने से पहले निर्माताओं को इसे हिन्दू संतों और रामायण के विद्वानों को दिखाना चाहिए, ऐसा आवाहन समस्त हिन्दू संगठनों की ओर से किया जा रहा है, यह बात श्री. अभय वर्तक ने इस अवसर पर कही। इसके साथ ही, सरकार से भी यह आवाहन किया गया है कि रामभक्त सरकार को राम की निंदा करने वाले इस चित्रपट के विषय में अपनी स्पष्ट भूमिका रखनी चाहिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *