‘ भूत ‘ के मुंह से राम राम-सीताराम अग्रवाल
‘ भूत ‘ के मुंह से राम राम। सत्ता की मलाई चाटने के 6 माह बाद विवेक गुप्त को पता चला कि ममता ने हिन्दीभाषियों के साथ अन्याय किया। इन्हें अब ‘ बहिरागत ‘ शब्द पर भी आपत्ति है, जबकि इन्होंने स्वयं इसके समर्थन में वीडियो बनाया था। ज्ञातव्य है कि श्री गुप्त तृणमूल कांग्रेस के बैनर पर राज्यसभा के सदस्य रह चुके हैं, वह भी अपनी व्यक्तिगत योग्यता के बल पर नहीं, बल्कि तत्कालीन मुख्यमंत्री व तृणमूल सुप्रीमों ममता बनर्जी की दया से। ममता ने दो कारणों से इन पर मेहरबानी की थी। पहला कारण था कि ये दैनिक सन्मार्ग के कर्ताधर्ता थे, जो उस समय कोलकाता महानगर से प्रकाशित दैनिक हिन्दी समाचार-पत्रों में सबसे ज्यादा लोकप्रिय व प्रसार संख्यावाला था। 2011 में सत्ता में आने के बाद ममता ने एक सोची समझी रणनीति के तहत बंगला, हिन्दी व उर्दू जैसी भाषाओं के अखबारों के मालिकों को राज्यसभा में भेजा, ताकि इनके जरिये जनमानस में दल की छवि मजबूत हो। दूसरा कारण था ममता द्वारा बनाये गये एक चित्र को भारी धनराशि से खरीद कर उनके प्रति आनुगत्य दिखाना।
पर राज्यसभा में विवेक कोई कमाल नहीं दिखा पाये। अतः इन्हें दोबारा नहीं भेजा गया। पर इन्होंने ममता की चमचागीरी जारी रखी और 2021 के विधानसभा चुनाव में जोड़ासाकों क्षेत्र से विधायक बन गये। उल्लेखनीय है कि कोलकाता में 1948 में सन्मार्ग की स्थापना से लेकर कई दशकों की कड़ी मेहनत के बाद लोकप्रियता के शिखर पर पहुंचने वाले सन्मार्ग के विकास में विवेक गुप्त का कोई योगदान नहीं है। प्रात: स्मरणीय करपात्री जी महाराज की प्रेरणा तथा परम गोभक्त छोटेलालजी कानोड़िया के आर्थिक सहयोग से निकलने वाला सन्मार्ग जब शिखर पर पहुँचा, तब विवेक बच्चा था। हां विवेक के दादाजी श्री (अब स्वर्गीय ) रामअवतार गुप्त ने मैनेजर के रूप में काफी मेहनत की है तथा करीब तीन दशक बाद इन्होंने तत्कालीन मालिक जनार्दन कानोडिया से सन्मार्ग खरीदा। विवेक को तो सब कुछ बना बनाया विरासत में मिल गया, क्योंकि इनके पिता मोहनलाल गुप्त का निधन एक सड़क दुर्घटना में उस समय हो गया था, जब इनकी उम्र मात्र 3 वर्ष थी। बड़ा दुख होता है, जब अहंकार में ड़ूबे विवेक गुप्त पत्रकारिता के इतिहास के साथ छेड़छाड़ करते हुए श्री रामअवतार गुप्त को सन्मार्ग का संस्थापक सिद्ध करने पर तुले हुए हैं। (इस विषय पर विस्तृत चर्चा फिर कभी)।
विधायक बनने के बाद विवेक ने जनहित के बजाय स्वहित में काम करना शुरू कर दिया। इलाके में आरोपों की झड़ी लगने लगी। इन्हें कोड में ‘स्क्वायर फीट ‘ कहा जाने लगा। शुरू में अपने इलाके के एक पार्षद से इतनी पटती थी कि सन्मार्ग में हर कार्यक्रम में इनकी फोटु के साथ उस पार्षद की फोटो प्रमुखता के साथ छपती थी। बाद में कथित तौर पर वसूली के मामले में विवाद के कारण दोनों में 36 का आंकड़ा हो गया। विवेक ने पार्टी हित में सन्मार्ग का इतना दुरूपयोग किया कि जनता इसे टीएमसी का पेपर कहने लगी। यहां तक कि कुछ लोगों ने इसका वहिष्कार भी किया। पर इन्हें कोई परवाह नहीं थी कि इससे सन्मार्ग की साख को धक्का लग रहा है। विवेक को सिर्फ धन से मतलब था और ममता प्रशासन से वह भरपूर मिल रहा था। इन्होने अपने दादाजी के सिद्धांत को भी तिलांजली दे दी, जो सदैव बड़े फख्र के साथ कहते थे कि सन्मार्ग की सबसे बड़ी विशेषता है कि वह किसी पार्टी विशेष का पिछलग्गु नही है और न होगा। यही नहीं पेपर की इस आमदनी में विवेक ने कर्मियों को उनका उचित हिस्सा भी नहीं दिया, उल्टे कुछ पैसों का लालच देकर कइयों को’ जबरन ‘ रिटायर’ करके फिर औने- पौने दाम देकर उन्हें पुनः कॉन्ट्रेक्ट पर रख लिया। हां, कुछ चमचों पर ये हमेशा मेहरबान रहे। यह अलग बात है कि कुछ खास चमचों ने इन्हें जबरदस्त चूना लगाया (इन चमचों की कहानी भी फिर कभी) । अपने ही अखबार में अपना एक इन्टरव्यू छापकर इन्होंने दावा किया था कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र को लन्दन की तरह सजा संवार देंगे। 5 वर्षों में क्या हुआ है, वह जनता के सामने है। इस तरह के कई कारणों से इन्हें 2026 के चुनाव में टिकट नहीं मिला। पर चुनाव परिणाम आने से पहले तक नया कुछ पाने की आशा में ये ममता व अभिषेक के वफादार सिपाही बने रहे। एक बार इनके कार्यालय में एक संवाददाता ने जब भाजपा में जाने के बारे में सवाल पूछा तो बड़े गर्व शे दीवार पर लगे चित्र की ओर इशारा करते हुए बंगला में कहा- ममता बनर्जी आमार नेत्री, अभिषेक सेनापति।
पर चुनाव नतीजे आने के बाद विवेक ने रंग बदलना शुरू कर दिया। विभिन्न तरीकों से भाजपा नेताओं के साथ नजदीकियां बढ़ाना शुरू कर दी। यहां तक कि मुख्य मंत्री शुभेन्दु अधिकारी के पिता शिशिर अधिकारी के यहां हाजिरी लगायी और उनका सम्मान किया। भद्रता की खातिर एक पूर्व सांसद व विधायक होने के नाते श्री अधिकारी ने विवेक को आशीर्वाद दिया। इस पुरानी भेंट का हाल ही में वीडियो जारी कर लाभ उठाने की कोशिश की । जिस सन्मार्ग में तृणमूल की खबरों व फोटुओं की भरमार होती थी, अब वह स्थान भाजपा लेती जा रही है। कहने का अर्थ यह है कि जिस अखबार का दुरुपयोग कर इन्होंने तृणमूल शासन में अपनी छवि चमकायी, वह कोशिश अब भाजपा शासन में पुनः की जा रही है। यही नहीं अब इनको ममता में कमी नजर आ रही है। कहते हैं कि युसुफ पठान, शत्रुघ्न सिन्हा, कीर्ति आजाद को लोकसभा का उम्मीदवार बनाना गलत था। बहिरागत का मुद्दा भी सही नहीं था। यहां तक कि विवेक ने छठ मइया जैसे पवित्र पर्व को भी मुद्दा बना डाला। कहते हैं कि ममता ने छठ पूजा मनाने में भी बाधा डाली। इन्होंने ममता पर व्यंग्य कसते हुए यहां तक कह डाला कि सिर्फ ठेकुआ खाने से पाप थोड़े धुल जायेंगे।
अब जनता की नजर में लाख टके का प्रश्न यह है कि भाजपा जैसी विश्व प्रसिद्ध पार्टी क्या इस ‘ रंगे सियार ‘ के झांसे में आ जायेगी या फिर प.बंगाल में 4 मई के पहले तक के तृणमुलियों को पार्टी में न लेने के अपने संकल्प पर कायम रहेगी। हां कुछ लोगों को यह आशंका जरूर है कि प्रचार के इस युग में हर राजनीतिक दल मीडिया को अपने पक्ष में रखना चाहता है, कहीं इसी का पासा फेंक पर विवेक अपनी गोटी फिट न कर ले। वैसे भी यह एक सच्चाई है कि समुचित योग्यता व गुण न रहते हुए भी ये विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर आसीन रहे। अतएव ‘ तकदीर के सांड़ ‘ की कहावत इन पर फिट बैठती है।
सम्पर्क- 7980288763
16 नवम्बर 2026

