मारवाड़ी युवा मंच कटक शाखा का गौरवशाली, स्वर्णिम इतिहास,16 वीं कड़ी,1991 में ओडिशा मुख्यमंत्री बिजु पटनायक बोले मारवाड़ी लोटा कंबल लेकर आये थे, वापस जाओ भाग(2)

मारवाड़ी युवा मंच कटक शाखा का गौरवशाली, स्वर्णिम इतिहास,16 वीं कड़ी,1991 में ओडिशा मुख्यमंत्री बिजु पटनायक बोले मारवाड़ी लोटा कंबल लेकर आये थे, वापस जाओ भाग(2)

नन्द किशोर जोशी, एक्जिक्यूटिव एडिटर, क्रांति ओडिशा मीडिया 

 

मैं आज एक सप्ताह बाद फिर से लेखनी प्रारंभ कर रहा हूं। पिछले सप्ताह दिवाली पर्व की व्यस्तताएं रही , इसलिए मैं लिख नहीं पाया।आज एकबार फिर से मैं लेखनी प्रारंभ कर रहा हूं।

 

मैंने 15 वीं कड़ी में लिखा था कि 1991 के लोकसभा चुनाव में ओडिशा के तत्कालीन मुख्यमंत्री बिजु पटनायक अपनी पार्टी जनता पार्टी के चुनाव प्रचार में राजगांगपुर पहुंचे, वहां चुनावी मंच पर चढ़ते समय देखे कि मंच के चारों ओर भाजपा के समर्थन में नारेबाजी और कमल निशान लिखा हुआ है।

 

अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से उन्होंने पूछा कि यह सब किसकी करतूत है,उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बोला कि यह करतूत मारवाडियों की है।बिजु पटनायक गुस्से में लाल पीले हुए और वे तुरंत बोले कि मारवाड़ी ओडिशा में लोटा कंबल लेकर आये थे, वापस जाओ।

 

बिजु पटनायक के मुंह से निकलते ही कि मारवाड़ी लोटा कंबल लेकर ओडिशा आये थे, वापस जाओ, ओड़िशा के समस्त मारवाडियों में दहशत फ़ैल गई।मारवाडियों की यह हालत हो गयी थी कि काटो तो शरीर में खून नहीं।

 

ऐसे में कटक मारवाड़ी युवा मंच के तत्कालीन जुझारू कार्यकर्ताओं ने फैसला किया कि इस विषय पर कुछ गंभीरता से विचार करना होगा। कुछ पोजिटिव करना होगा ,पूरी ओडिशा के लाखों मारवाडियों के लिए।हम लोगों ने आपस में ठाना कि एक जगह रोज रात 9 बजे मिलेंगे।

 

हमलोग तय समय पर रोज रात 9 बजे ताराचंद पाटना की गली में मिला करते थे। वहां भाई दीनदयाल क्याल की फैक्ट्री थी। चूंकि फैक्ट्री गली में थी , अतः गुपचुप तरीके से मिलने में कोई कठिनाई विशेष नहीं थी। वहां हमलोग अपने दुपहिया वाहनों को एक जगह नहीं पार्किंग कर , अलग-अलग जगहों पर पार्किंग करते थे, जिससे स्पैशल ब्रांच पुलिस की नजर नहीं पडे ,किसी की भी नजर नहीं पड़े।

 

हमारी युवा मंच की तत्कालीन टीम में शामिल थे नन्द किशोर जोशी,रमण बगड़िया, दीनदयाल क्याल, कैलाश प्रसाद सांगानेरिया, श्याम सुंदर सीकरीया। हमलोगों ने करीब 10 दिन लगातार इस विषय पर गहन चिंतन मनन किया। अंतिम फैसला यह हुआ कि मैं उस समय के तत्कालीन कटक के विधायक तथा ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री मुस्ताफिज भाई से बात करुं।

 

मैंने 1979 कटक मुनिसिपाल काउंसिल चुनाव में 11 नंबर वार्ड से वार्ड कांउसिलर चुनाव जीता था कांग्रेस टिकट पर।मेरे साथ ही 16 नंबर वार्ड से काउंसिल चुनाव जीते थे जनता पार्टी के मुस्ताफिज अहमद। तत्पश्चात वे हमारे जमाने में ही काउंसिल में वाइस-चेयरमैन भी बने।

 

हमलोग दोनों अलग-अलग दलों में होते हुए भी आपसी संपर्क दोस्ताना रहा ।हर काउंसिल मीटिंग में मैं चेयरमैन,वाइस चेयरमैन को मेरी पार्टी लाइन के हिसाब से विरोध करता था, चूंकि हमारी पार्टी उस समय काउंसिल में विरोधी आसन पर बैठी थी। लेकिन काउंसिल मीटिंग खत्म होते ही हम सब चाय पानी प्रायः एक साथ किया करते थे।

 

मैंने 1990 के ओडिशा विधानसभा चुनाव पश्चात सक्रिय राजनीति से दूरी बना ली थी। मैं धीरे धीरे मेरे बिजनेस में सक्रिय होता गया और राजनीति में निष्क्रिय होता गया। लेकिन व्यक्तिगत संपर्क मुस्ताफिज भाई समेत सभी दलों के बडे नेताओं संग मेरा बना रहा,आज भी अनेक दलों के बड़े नेताओं संग वैसा ही संपर्क बना हुआ है।

 

मेरे व्यक्तिगत संपर्क को मारवाड़ी समाज के वृहत्तर स्वार्थ के लिए इस्तेमाल किया।मुस्ताफिज भाई से संपर्क किया और बिजु पटनायक द्वारा दिए गए बयान पर हमलोगों ने चर्चा की।मुस्ताफिज भाई ने परिस्थिति को गंभीरता से लिया, परिस्थिति की नजाकत को समझा और हमारे बीच एक अलिखित समझौता हुआ, समझौते के बारे में मैंने मंच के साथियों को विस्तार से बताया। उन्होंने खुशी जाहिर की और सहमति दी । क्रमशः

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *