मानवता की रोशनी से जगमगाई दीपावली, ईस्ट कोस्ट रेलवे महिला समिति ने किया सेवा कार्य

कटक, दीपावली के पावन अवसर पर सामाजिक सरोकार एवं मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए ईस्ट कोस्ट रेलवे महिला समिति, कटक की ओर से जरूरतमंद एवं वंचित लोगों के बीच विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन सुबह 9:30 बजे रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-2 के सामने आयोजित किया गया ।इस कार्यक्रम के माध्यम से समिति ने सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया।

इस कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के बीच उपयोग योग्य पुराने कपड़े तथा खाद्य सामग्री वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य दीपावली की खुशियां समाज के वंचित वर्गों तक पहुंचाना तथा उन्हें भी त्योहार के उल्लास में सहभागी बनाना था।

इस अवसर पर संस्थान के महासचिव सब्यसाची सारंगी ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और उत्सव मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियों की रोशनी पहुंचाने का भी अवसर है। जरूरतमंदों की सहायता करना और उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा करना समाज के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि सामाजिक सहयोग, आपसी सद्भाव और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत बनाने के लिए इस प्रकार के सेवा कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाना ही इस आयोजन की वास्तविक सार्थकता है।

ईस्ट कोस्ट रेलवे महिला समिति की इस पहल ने दीपावली के अवसर पर मानवता, परोपकार और सामाजिक एकजुटता का प्रेरणादायक संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *