भुवनेश्वर, हिंदी पखवाड़ा-2026 के तहत आईआईटी भुवनेश्वर के राजभाषा एकक की ओर से शनिवार को ‘काव्यांजलि-2026’ के पांचवें संस्करण में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। संस्थान के प्रेक्षागृह में आयोजित काव्य-संध्या में देश के प्रतिष्ठित कवियों के साथ विद्यार्थियों ने भी अपनी रचनाओं से साहित्यप्रेमियों को खूब प्रभावित किया।
इस कार्यक्रम में संस्थान के संकायाध्यक्ष (सतत शिक्षा) प्रो. श्यामल चटर्जी, कुलसचिव, अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। सम्मेलन में सुदीप भोला, आयुषी राखेचा, अभिसार शुक्ल, रुद्र प्रताप सिंह और विक्रमादित्य सिंह ने हास्य, व्यंग्य, सामाजिक सरोकार और समसामयिक विषयों पर आधारित रचनाओं का काव्य-पाठ किया। उनकी प्रस्तुतियों से प्रेक्षागृह ठहाकों और तालियों से गूंजता रहा।
इस अवसर पर आईआईटी भुवनेश्वर के छात्र आयुष तिवारी, कुमार आदित्य, दिशा कुमारी, विक्रांत कुमार, नित्या सिंह, आर्या भारद्वाज, मोनालिसा, आयुष सिंह राठौर, पुष्पांजलि और अंकित कुमार सुमन ने भी अपनी कविताएं प्रस्तुत कर मंच पर युवा प्रतिभा की छाप छोड़ी।
इस कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव रावत ने किया, जबकि समग्र सूत्र-संयोजन अनुवादक हेमंत कुमार यादव ने संभाला। अंत में अविजित कुमार ने अतिथियों, कवियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। ‘काव्यांजलि-2026’ ने हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति नई पीढ़ी की रुचि को मंच देने के साथ साहित्यप्रेमियों को भी एक साझा मंच प्रदान किया।

