नई दिल्ली, भारत रक्षा मंच के नेतृत्व में 18 नवंबर से 6 दिसंबर 2026 तक प्रस्तावित ‘सनातन संस्कृति रक्षा यात्रा एवं जनजागरण अभियान’ की तैयारियां दिल्ली की विभिन्न विधानसभाओं में शुरू हो गई हैं। आयोजकों के अनुसार, 19 दिवसीय यात्रा के दौरान दिल्ली की सभी 70 विधानसभाओं में लगभग 3,000 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी।
आयोजकों के अनुसार, यात्रा का उद्देश्य बांग्लादेश से होने वाली कथित अवैध घुसपैठ से जुड़े विषयों पर जन-जागरूकता बढ़ाना, सीमा सुरक्षा एवं सीमा पर चल रहे फेंसिंग कार्यों के बारे में लोगों को जानकारी देना तथा सीमा सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करना है। इसके साथ ही धर्मांतरण के मुद्दे पर जागरूकता बढ़ाने और इस संबंध में प्रभावी एवं सख्त कानूनी प्रावधानों की मांग को भी अभियान में प्रमुखता से उठाया जाएगा।

यात्रा के दौरान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जनसभा एवं मंचीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंच से वक्ताओं द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता, सांस्कृतिक विषयों और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे जाएंगे। इसके साथ हस्ताक्षर अभियान, विषय आधारित प्रदर्शनी, पर्चा वितरण और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रमों में युवा, महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न वर्गों के नागरिक, मीडिया तथा सामाजिक एवं राष्ट्रवादी संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि यात्रा के माध्यम से ‘राष्ट्रहित सर्वोपरि’ की सोच को दिल्ली के अधिक से अधिक घरों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उनका मानना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सरकार की नीतियों और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जागरूक नागरिकों की भागीदारी आवश्यक है। इसी उद्देश्य से नागरिकों से राष्ट्रहित से जुड़े विषयों और स्थानीय समस्याओं को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक माध्यमों से सरकार और संबंधित प्रशासन तक पहुंचाने का आह्वान किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार, जागरूक नागरिक, मजबूत संस्थाएं और प्रभावी प्रशासन मिलकर देश की आंतरिक एवं बाहरी सुरक्षा को मजबूत करने में योगदान दे सकते हैं। अभियान में कानून के दायरे में राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाने तथा देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी को रेखांकित किया जाएगा।
यात्रा की तैयारियों के सिलसिले में आरके पुरम विधानसभा के माधवपुरम वार्ड में बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व विधानसभा प्रभारी अधिवक्ता प्रशांत वर्मा जी ने किया। बैठक में भारत रक्षा मंच के राष्ट्रीय मंत्री शशांक चोपड़ा जी और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक कपूर जी सहित क्षेत्र के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में शामिल कार्यकर्ता
अजय जी,राजेश जी,निरंजन जी,श्याम नारायण जी, प्रदोष कुमार भुंचर जी,प्रशांत वर्मा जी,रणजीत सिंह जी,पंकज जी,अभिजीत जी.
बैठक में यात्रा की रूपरेखा, जनसंपर्क और संगठन विस्तार पर चर्चा हुई। विधानसभा क्षेत्र से आए कार्यकर्ताओं को यात्रा से जुड़े विभिन्न दायित्व सौंपे गए तथा कई कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ा गया।
बैठक के बाद ओडिशा के ढेंकानाल संसदीय क्षेत्र के सांसद रुद्र नारायण पानी से शिष्टाचार भेंट की गई। भारत रक्षा मंच दिल्ली प्रदेश की ओर से प्रस्तावित यात्रा की जानकारी उन्हें दी गई। इस दौरान सांसद ने यात्रा के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं और इसमें शामिल होने की इच्छा जताई।
इस अवसर पर सांसद रुद्र नारायण पानी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी के संदेश और पत्र के साथ, गृह मंत्रालय द्वारा प्रकाशित ‘वंदे मातरम् के 150 गौरवशाली वर्ष’ विषयक पुस्तिका यात्रा संयोजक सोहन गिरी जी को भेंट की तथा यात्रा के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
यात्रा संयोजक सोहन गिरी जी ने दिल्ली के विभिन्न सामाजिक एवं राष्ट्रवादी संगठनों, संत समाज, युवाओं और नागरिकों से यात्रा से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य ‘राष्ट्रहित सर्वोपरि’ की भावना के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक विषयों पर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से जनभागीदारी बढ़ाना है।

