समय पर उपचार, परामर्श और पुनर्वास सहायता से व्यक्ति नशीली दवाओं और मन:प्रभावी पदार्थों पर निर्भरता से उबर सकता है, पारिवारिक संबंधों को पुनः स्थापित कर सकता है और एक उत्पादक जीवन में लौट सकता है।
मादक पदार्थों पर निर्भरता व्यक्ति के स्वास्थ्य, संबंधों, आजीविका और समुदाय में उसकी स्थिति को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकती है।
राजस्थान के दौसा जिले के 29 वर्षीय स्वरोजगार से जुड़े व्यक्ति दारा सिंह (परिवर्तित नाम) ने नशा मुक्ति केंद्र, डीडवाना, जो नशा पीड़ितों के लिए एकीकृत पुनर्वास केंद्र है, से उपचार और पुनर्वास सहायता प्राप्त कर वर्षों पुरानी शराब की लत से छुटकारा पाया। अब वह पूरी तरह शराब से दूर हैं, उन्होंने अपने पारिवारिक संबंधों को पुनः स्थापित कर लिया है और स्वरोजगार के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 500 रुपये कमाते हैं।
कई वर्षों तक शराब पर निर्भरता ने दारा सिंह के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित किया तथा उनके दैनिक जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। वे भावनात्मक अस्थिरता, तनाव और आत्मसम्मान में कमी का अनुभव कर रहे थे। वहीं, उनके परिवार को आपसी विवाद, सामाजिक कलंक और बढ़ते आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ रहा था। परिवार के संसाधनों का बढ़ता हुआ हिस्सा शराब पर खर्च होने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति अस्थिर हो गई थी तथा परिवार और समुदाय के साथ उनके संबंध लगातार खराब होते गए।
इन कठिनाइयों के बावजूद दारा सिंह का स्थिर और स्वस्थ जीवन फिर से प्राप्त करना, अपने परिवार का विश्वास दोबारा अर्जित करना, आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनना और समाज में पुनः शामिल होना चाहते थे। उनका परिवार उनके प्रति सहयोगी बना रहा और जब शराब पर उनकी निर्भरता का प्रभाव अत्यधिक गंभीर हो गया, तब उन्होंने पेशेवर सहायता प्राप्त करने का प्रयास किया।
उन्हें डीडवाना स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने केंद्र की दिनचर्या का सक्रिय रूप से पालन किया और परामर्श सत्रों, योग, चिकित्सकीय देखभाल तथा पुनर्वास गतिविधियों में भाग लिया। दैनिक परामर्श, व्यवहार संबंधी मार्गदर्शन तथा उत्पादक गतिविधियों और आजीविका के अवसरों के बारे में जागरूकता ने उन्हें नशे के दुष्परिणामों को समझने और स्वस्थ आदतें विकसित करने में सहायता की। नियमित अनुवर्ती हस्तक्षेपों ने भी उनके सुधार की प्रक्रिया को निरंतर समर्थन दिया और उन्हें शराब-मुक्त जीवन के प्रति प्रतिबद्ध रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
सफलतापूर्वक उपचार पूरा करने के बाद, अनुवर्ती दौरों और आकलनों में उनकी निरंतर सकारात्मक प्रगति दर्ज की गई। उनके स्वास्थ्य और व्यवहार में उल्लेखनीय सुधार हुआ तथा उन्होंने पूरी तरह शराब से दूरी बनाए रखी। अब वे नकारात्मक प्रभावों से दूर रहते हैं, अपने परिवार के साथ स्वस्थ संबंध बनाए हुए हैं और सफलतापूर्वक समाज में पुनः शामिल हो चुके हैं।
दारा सिंह ने अपना स्वरोजगार फिर से शुरू कर दिया है और प्रतिदिन लगभग 500 रुपये कमाते हैं। उनकी आय उन्हें अपने परिवार में योगदान देने और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने में सक्षम बनाती है। उनके सुधार से परिवार में शांति भी लौट आई है तथा शराब पर निर्भरता के कारण प्रभावित विश्वास और सम्मान को पुनः स्थापित करने में सहायता मिली है।
दारा सिंह ने अपना आभार व्यक्त करते हुए कहा, “उपचार और परामर्श ने मुझे शराब छोड़ने और अपना जीवन फिर से शुरू करने की शक्ति दी। आज मैं स्वस्थ हूं, अपने परिवार के लिए कमा रहा हूं और गरिमा के साथ जीवन जी रहा हूं।”
दारा सिंह की यात्रा यह दर्शाती है कि पारिवारिक सहयोग, पेशेवर परामर्श, चिकित्सकीय देखभाल और निरंतर पुनर्वास सहायता से व्यक्ति नशे की निर्भरता से उबरकर स्वस्थ, उत्पादक और गरिमापूर्ण जीवन में वापस लौट सकता है।

