अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के तत्वावधान में काठगड़ा साही स्थित तेरापंथ भवन में कटक, तेरापंथ महिला मंडल द्वारा 1 जुलाई को सुबह 10:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक श्री उत्सव – एक कदम स्वावलंबन की ओर- महिलाओं द्वारा एक विशाल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। अ भा ते म म की महत्वपूर्ण परियोजना *सक्षम नारी विकसित समाज* के अंतर्गत महिला स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए पूरे भारत में लगभग 200 शाखा मंडलों से भी ज्यादा क्षेत्र में श्री उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी के अंतर्गत आज कटक में भी भव्य एवं विशाल रूप से श्री उत्सव का आयोजन किया गया है।
सुबह 10:00 बजे उद्घाटन सत्र रखा गया। जिसका शुभारंभ श्री पानमलजी नाहटा द्वारा मंगलपाठ व नमस्कार महामंत्र से किया गया। तत्पश्चात मंडल की बहनों ने मधुर स्वर लहरी में *प्रेरणा गीत* का संगान किया । कटक मंडल की अध्यक्षा श्रीमती सुनीता जी बैंगानी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों और सभी स्टाल धारकों और श्री उत्सव में सहभागिता दर्ज कराने वाले सभी सम्माननीय व्यक्तियों का आत्मीय स्वागत किया। मुख्य अतिथि स्मृति पटनायक, भाजपा जिला सेक्रेटरी ने महिलाओं को अपनी प्रतिभा एवं क्षमता को पहचान कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सम्मानीय अतिथि कटक मेयर श्री सुभाष सिंह जी ने भी महिलाओं के विकास के लिए अपने विशेष उद्धगार व्यक्त किये। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की कार्यसमिति सदस्य एवं श्री उत्सव की राष्ट्रीय संयोजिका श्रीमती सुषमा जी बैंगानी ने श्री उत्सव के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डाला।अ भा ते म म की विशेष आमंत्रित सदस्य श्रीमती इंदिरा लुनिया ने भी राष्ट्रीय योजना एवं जूम पर आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी। तेरापंथ समाज व मारवाड़ी समाज के सभी उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने अपने प्रेरणादाई उद्बोधन में श्री उत्सव को महिला विकास एवं सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण उपक्रम बताया और श्री उत्सव की सराहना करते हुए कहा कि श्री उत्सव को इतने विशाल रूप से इतने भव्य रूप से आयोजन करने के लिए कटक तेरापंथ महिला मंडल बधाई की पात्र है।
इस विशाल प्रदर्शनी में लगभग 48 स्टॉल लगे जिसमें कपड़े, रियल ज्वेलरी आर्टिफिशियल ज्वेलरी, होम डेकोर,बेकरी,गृह उपयोगी वस्तुएं,खाने के स्वादिष्ट व्यंजन आदि विविध प्रकार के स्टाल लोगों के आकर्षण का केंद्र बनें।
श्री उत्सव की संयोजिका श्रीमती ललिता जी सिंघी, श्रीमती अलका जी सिंघी व श्रीमती ज्योति जी बैद के अथक प्रयासों एवं पूरी कार्य समिति की बहनों का अतुलनीय सहयोग से श्री उत्सव व्यवस्थित रूप से आयोजित हुआ एवं सफल ही नहीं सफलतम रहा।कार्यक्रम का कुशल संचालन मंडल की मंत्री श्रीमती समता जी सेठिया ने किया। उपाध्यक्ष श्रीमती विनोद नाहटा ने सभी का आभार व्यक्त किया।

