अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद द्वारा देश भर में संचालित सार–संभाल संगठन यात्रा के अंतर्गत दिनांक 15 फरवरी 2026 को कटक शाखा प्रभारी अभिषेक जैन एवं भुवनेश्वर शाखा प्रभारी गौतम जैन ने तेयूप कटक की सार–संभाल की।
नमस्कार महामंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। परिषद के सदस्यों ने विजय गीत का संगान किया तथा श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन कटक शाखा प्रभारी अभिषेक जैन द्वारा किया गया।
सर्वप्रथम तेरापंथ युवक परिषद, कटक के अध्यक्ष शशि चोरड़िया ने सभी उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए अभातेयूप द्वारा निर्देशित कार्यों को कटक परिषद किस प्रकार सुव्यवस्थित रूप से संपादित कर रही है, उसका संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया।
तत्पश्चात परिषद के मंत्री एवं नेत्रदान – ओडिशा राज्य प्रभारी चिराग सिंघी ने वर्तमान कार्यकाल का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए नेत्रदान जागरूकता अभियान की प्रगति से अवगत कराया।
भुवनेश्वर शाखा प्रभारी गौतम जैन ने अभातेयूप के तीन आयाम — सेवा, संस्कार एवं संगठन — के अंतर्गत परिषद के करणीय कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा संगठनात्मक सुदृढ़ता और समन्वय पर प्रेरक विचार व्यक्त किए।
इसके पश्चात कटक शाखा प्रभारी अभिषेक जैन ने संगठन की मजबूती, आयामों की प्रभावी क्रियान्विति एवं युवाओं की सक्रिय सहभागिता पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
बैठक के दौरान परिषद के कार्यों की समीक्षा की गई तथा निम्न बिंदुओं पर विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ—
• व्यक्तित्व विकास कार्यशाला का आयोजन
• चौका सत्कार एवं युवा वाहिनी आयाम को सक्रिय बनाना
• योगक्षेम वर्ष में अधिकाधिक युवाओं को लाडनूं प्रवास हेतु प्रेरित करना
• किशोर मंडल को सशक्त एवं सक्रिय बनाना
• “Fit Yuva – Hit Yuva” आयाम को गति प्रदान करना
इन विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा की गई। कार्यक्रम का कुशल संचालन परिषद के पूर्व अध्यक्ष विकास नौलखा द्वारा किया गया।अंत में परिषद के कोषाध्यक्ष अनिल सेठिया ने आभार ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए प्राप्त मार्गदर्शन को शीघ्र क्रियान्वित करने का संकल्प व्यक्त किया।

