कटक , दि०- 24/10/25 को ब्राह्मण समाज -कटक , का “दीपावली बन्धु – मिलन” का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफ़लता के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत श्रीगोपीनाथ मंदिर के पुजारी सुभाष शर्मा एवं उनके सहयोगियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वस्ति वाचन के साथ हुई । तत्पश्चात विख्यात भजन प्रवाहक व प्रख्यात समाजसेवी दिनेश जोशी ने गणपतिजी का भजन गाकर गणपतिजी को रिझाया। गणपति भजन के उपरान्त दिनेश जोशी एवं पं० जगदीश उपाध्याय ने समवेत स्वर में श्रीहनुमान चालीसा का पाठ किया , जिसका साथ उपस्थित जन समुदाय ने भी दिया । हनुमान चालीसा पाठ के पश्चात दिनेश जोशी ने आगे की कार्यवाही एवं मंच संचालन के लिए अशोक शर्मा को जिम्मेदारी दी ।
अशोक शर्मा ने गौड़ ब्राह्मण सभा – कटक के पुरोधा ब्रजेश शर्मा, खाण्डल विप्र मंच के पुरोधा चिरंजीलाल जोशी, गुर्जर गौड़ विप्र समाज के पुरोधा नथमल उपाध्याय, पारिक ब्राह्मण सभा के पुरोधा बजरंगलाल पुरोहित , सारस्वत विप्र समाज के पुरोधा रामरतन सारस्वत, कटक मारवाड़ी समाज -कटक व उत्कल गौड़ ब्राह्मण सभा के युवा एवं उर्जावान अध्यक्ष संजय शर्मा , समाजसेवी नंदकिशोर जोशी, एवं कार्यक्रम के सूत्रधार देवकीनंदन जोशी को मन्चासीन कराया ।
मंचासीन महानुभावों को पुष्पगुच्छ प्रदान कर उनका सम्मान व स्वागत किया गया । मंच संचालक ने आगामी दिसम्बर माह में दि०- 28/12/25 से 05/01/26 तक ब्राह्मण समाज – कटक द्वारा आयोजित किए जानेवाले “श्रीरामचरितमानस नवाह्न पारायण पाठ” एवं”श्रीशिव महापुराण कथा” के आयोजन की विस्तृत रुपरेखा की विवरणी सभा के मध्य रखी । संजय शर्मा ने समय की मांग के अनुरूप ब्राह्मण समाज के सभी घटकों को एक होकर काम करने का आह्वान किया तथा समाज की मातृशक्ति को स्वावलंबी बनाने के लिए जोर दिया एवं इसकी एक रुपरेखा भी सभा के मध्य रखी । नंदकिशोर जोशी ने कटक में पूर्व में आयोजित नवाह्न पारायण के आयोजन की परम्परा से सभा को अवगत कराया । सभा के अन्त में अशोक चौबे ने समाज के सभी भाइयों को समर्पित भाव से तन-मन और धन से यथाशक्ति सहयोग कर दिसम्बर माह में आयोजित किए जानेवाले आयोजन को सफल बनाने के लिए कहा तथा सभा में उपस्थित होकर आयोजन को सफलीभूत करने के लिए सबको धन्यवाद ज्ञापित किया ।
भुवनेश्वर से मुरारीलाल लढानिया , किशन खण्डेलवाल, शिवकुमार शर्मा, मुरारीलाल शर्मा, रमेश जोशी आदि ने आयोजन में भागीदारी कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ायी। कार्यक्रम के अन्त में सभी बन्धुओं ने स्वादिष्ट व्यञ्जनों का सामूहिक प्रसाद ग्रहण किया ।

