योग संगम 2025 ने भारत को किया एकजुट: 30,000 से ज्यादा संगठन इस आंदोलन में शामिल हुए

संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए भारत की बढ़ती प्रतिबद्धता के एक सशक्त प्रमाण के तौर पर, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) 2025 के मुख्य कार्यक्रम योग संगम ने एक अनूठी उपलब्धि हासिल की है, जिसके तहत इस खास कार्यक्रम से जुड़ने के लिए देश भर से विभिन्न संगठनों के आए प्रस्तावों का आंकड़ा 30,000 को पार कर चुका है।

आईडीवाई 2025 का मुख्य कार्यक्रम पिछले सालों की तरह ही आयोजित किया जाएगा, जिसमें इस बार देश भर में आयोजित होने वाले ऐसे कई कार्यक्रमों की ऑनलाइन ट्रैकिंग की अतिरिक्त सुविधा भी शामिल की गई है। यह आयुष मंत्रालय के योग पोर्टल पर एक सुविधा के ज़रिए किया जाएगा, जिसमें इच्छुक संगठन आईडीवाई कार्यक्रम को पंजीकृत करने के लिए अपने प्रस्ताव दर्ज कर सकते हैं।

प्रस्तावों के पंजीकरण को लेकर मिली ये ज़बरदस्त प्रतिक्रिया ये साबित करती है, कि योग महज एक अभ्यास नहीं, बल्कि सचेत जीवन, सामुदायिक सशक्तिकरण और राष्ट्रीय कल्याण की दिशा में एक आंदोलन है। स्कूलों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) से लेकर कॉरपोरेट्स, एनजीओ और सरकारी निकायों तक, भारत के हर कोने से संस्थाएँ 21 जून 2025 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम आयोजित करने के अपनी इच्छाओं को दर्ज करके योग संगम के बैनर तले एकजुट हो रही हैं।

ऐसे में जब पूरा देश 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को मनाने के लिए तैयार है, वर्ष 2025 की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” – एक एकीकृत आंदोलन को बढ़ावा देती है, जो भौगोलिक स्थितियों, संस्कृतियों और व्यवसायों से परे है। लद्दाख के बर्फ से ढके पहाड़ों से लेकर, केरल में धूप से चमकते समुद्र तटों तक, स्कूली खेल के मैदानों और दफ़्तरों के लॉन से लेकर रेलवे स्टेशनों और ऐतिहासिक मंदिरों के प्रांगणों तक, पूरा भारत एक साथ सुर से सुर मिला रहा है।

आईआईटी, आईआईएम और केंद्रीय विश्वविद्यालयों जैसे प्रमुख संस्थानों की सक्रिय भागीदारी ने भी इस आंदोलन में एक नई ऊर्जा भर दी है। अकादमिक उत्कृष्टता के ये केंद्र, न केवल बड़े पैमाने पर योग कार्यक्रमों की मेज़बानी कर रहे हैं, बल्कि मानसिक स्पष्टता, भावनात्मक सशक्तिकरण और नेतृत्व विकास के लिए योग को एक उपकरण के तौर पर भी बढ़ावा दे रहे हैं।

योग संगम में कैसे भाग लें: yoga.ayush.gov.in/yoga-sangam पर जाएं

अपने समूह या संगठन को पंजीकृत करें

21 जून 2025 को योग सत्र आयोजित करें

आधिकारिक प्रशंसा प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए कार्यक्रम के बाद कार्यक्रम में हुई भागीदारी के बारे में विवरण अपलोड करें

21 जून को, देश भर में एक लाख से अधिक स्थान, स्वास्थ्य के जीते जागते मनोरम नज़ारों में तब्दील हो जाएंगे, जहां हर व्यक्ति भारत के प्राचीन ज्ञान की भावना और संपूर्ण स्वास्थ्य को लेकर, दुनिया का नेतृत्व करने के इसके आधुनिक संकल्प को पूरी सृष्टि में गुंजायमान करेगा।

आइए हम सब मिलकर स्वस्थ भारत, समृद्ध भारत के प्रति अपने साझा संकल्प को दोहराएं। आइये, हम सब मिलकर योग संगम को संपूर्ण स्वास्थ्य और राष्ट्रीय कल्याण के लिए भारत के आंदोलन की आधारशिला बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *