भारतीय सेना की टुकड़ी भारत-मंगोलिया संयुक्त सैन्य अभ्यास  नोमैडिक एलीफेंट में शामिल होने के लिए रवाना हुई

भारतीय सेना की एक टुकड़ी आज भारत-मंगोलिया संयुक्त सैन्य अभ्यास नोमैडिक एलीफेंट के 17वें संस्करण में शामिल होने के लिए रवाना हुई। यह अभ्यास 31 मई से 13 जून 2025 तक उलानबटार मंगोलिया में आयोजित किया जाएगा। नोमैडिक एलीफेंट अभ्यास, भारत और मंगोलिया में बारी-बारी से आयोजित किया जाने वाला एक वार्षिक कार्यक्रम है। इसी अभ्यास का अंतिम संस्करण जुलाई 2024 में उमरोई मेघालय में आयोजित किया गया था।

45 जवानों वाले भारतीय दल का प्रतिनिधित्व मुख्य रूप से अरुणाचल स्काउट्स की एक बटालियन के सैनिक करेंगे। मंगोलियाई सशस्त्र बल की टुकड़ी में भी लगभग इतनी ही संख्या में सैनिक होंगे, जिनका प्रतिनिधित्व 150 विशेष बल इकाई द्वारा किया जाएगा।

अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र के तहत अर्ध शहरी/पहाड़ी इलाकों में अर्ध पारंपरिक अभियानों में संयुक्त कार्य बल का उपयोग करते हुए दोनों सेनाओं के बीच अंतर-संचालन क्षमता को बढ़ाना है।

इस अभ्यास का दायरा प्लाटून स्तर के फील्ड प्रशिक्षण अभ्यास से जुड़ा है। अभ्यास के दौरान, भारतीय और मंगोलियाई सैनिक विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों में शामिल होंगे, जिनमें सहनशक्ति (एंड्यूरेन्स) प्रशिक्षण, रिफ्लेक्स शूटिंग, रूम इंटरवेंशन, छोटी टीम के तहत कारगर रणनीति और रॉक क्राफ्ट प्रशिक्षण आदि शामिल होंगे। इस अभ्यास की गुणवत्ता बढ़ाने के अलावा, अभ्यास के इस संस्करण में साइबर युद्ध से संबंधित पहलुओं को भी शामिल किया जा रहा है। दोनों पक्षों के सैनिक एक-दूसरे के अनुभव से भी सीखेंगे।

यह अभ्यास क्षेत्रीय सुरक्षा, शांति और स्थिरता के प्रति भारत और मंगोलिया की साझा प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। अभ्यास नोमैडिक एलीफेंट भारत-मंगोलिया संबंधों को क्षेत्रीय सहयोग की आधारशिला के रूप में मजबूत करता है, जिससे मजबूत सैन्य संबंधों और सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा मिलता है।

भारत और मंगोलिया के बीच मित्रता, विश्वास और सांस्कृतिक संबंधों के स्थायी बंधन का प्रमाण यह अभ्यास सार्थक पेशेवर जुड़ाव का मंच है, जो व्यापक रक्षा सहयोग के लिए दोनों देशों की अटूट प्रतिबद्धता को उजागर करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *