गोवा में ‘सीजेपी’ के आंदोलन में लगे ‘हिंदुवाद मुर्दाबाद’ के नारे; संगठन का हिंदू-विरोधी चेहरा पुनः उजागर
प्रदर्शनकारियों पर कठोर कार्रवाई की जाए – हिंदू जनजागृति समिति की मांग
पणजी: ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) द्वारा हाल ही में पणजी में एक प्रदर्शन आयोजित किया गया था। यद्यपि यह आंदोलन ‘एस.आई.आर.’ (SIR) के विरोध और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के नाम पर किया गया था, परंतु वास्तव में वहां खुलेआम ‘हिंदुवाद मुर्दाबाद’ के नारे लगाए गए। इससे इस आंदोलन के पीछे छिपा ‘सीजेपी’ का हिंदू-विरोधी एजेंडा एक बार फिर स्पष्ट रूप से सामने आ गया है। इस आंदोलन का वास्तविक उद्देश्य केवल हिंदुओं को निशाना बनाना और गोवा के शांत सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ना था। अतः आंदोलन की मुख्य सूत्रधार अमरीन शेख सहित सभी प्रदर्शनकारियों पर तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए, यह मांग हिंदू जनजागृति समिति के गोवा राज्य समन्वयक श्री. सत्यविजय नाईक ने की है।
श्री. नाईक ने आगे कहा कि इस संगठन के पिछले आंदोलनों का इतिहास देखने पर स्पष्ट होता है कि इनके मंच से निरंतर हिंदू-विरोधी और राष्ट्र-विरोधी भूमिका अपनाई जाती रही है। प्रदर्शन में पाकिस्तानी शायर फ़ैज़ अहमद फ़ैज़ की नज़्म पर आधारित गीत ‘सब ताज उछाले जाएंगे, सब तख्त गिराए जाएंगे… बस नाम रहेगा अल्लाह का…’ प्रस्तुत किया गया। एक ओर प्रभु श्रीराम और हिंदुत्व के प्रति घृणा तथा दूसरी ओर पाकिस्तानी शायर और ‘नाम रहेगा अल्लाह का’ का इस्लामी प्रचार—इस दोहरे आचरण से सीजेपी का असली चेहरा बेनकाब हो चुका है। इससे पूर्व भी गोवा में ‘नीट’ (NEET) परीक्षा के विरोध में अमरीन शेख के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान ‘फ्री उमर खालिद’ के पोस्टर लहराए गए थे।
देश में अनेक स्थानों पर सीजेपी के आंदोलनों में हिंदू-विरोध और देशद्रोहियों का खुला समर्थन देखा गया है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से देश का सामाजिक वातावरण दूषित कर कानून-व्यवस्था को संकट में डालने का प्रयास किया जा रहा है। सामाजिक विषयों की आड़ लेकर युवाओं को भ्रमित करना और अराजकता फैलाना ही सीजेपी की कार्यशैली बन चुकी है। अब यह पूरी तरह स्पष्ट हो चुका है कि यह कोई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नहीं, बल्कि वास्तव में ‘कम्युनिस्ट जनता पार्टी’ है। अतः सरकार इस संगठन की देशद्रोही और हिंदू-विरोधी गतिविधियों का संज्ञान लेते हुए इनके विरुद्ध अविलंब कठोरतम कानूनी कदम उठाए, यह पुरजोर मांग हिंदू जनजागृति समिति करती है।

