एससीबी में मानसिक रोगी की मौत, सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट का आरोप

कटक, एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के मानसिक स्वास्थ्य विभाग में उपचाराधीन एक मरीज की मौत हो गई । यह घटना बुधवार की है जब मौत के बाद परिजनों ने सुरक्षाकर्मियों और अस्पताल के एक अटेंडेंट पर मारपीट का गंभीर आरोप लगाया । मृतक की पहचान जाजपुर जिले के श्रीकांत दास के रूप में हुई है। वह 28 सितंबर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती हुआ था। मृतक के परिजनों का आरोप है कि मंगलवार रात अस्पताल से जाने की जिद करने पर श्रीकांत के साथ सुरक्षाकर्मियों ने कथित तौर पर मारपीट की। मृतक के परिवार ने उसके हाथ, पैर, सिर, कान और पीठ सहित कई स्थानों पर चोट के निशान होने का दावा किया है। सूत्रों के अनुसार इस घटना में प्लास्टिक पाइप का इस्तेमाल किया गया था ।इस घटना के बाद परिजनों ने मंगलाबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अस्पताल परिसर के संबंधित क्षेत्र की सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्जे में ले ली है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अस्पताल के उपचार संबंधी रिकॉर्ड की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अधीक्षक ने कहा कि किसी मरीज के साथ मारपीट का कोई औचित्य नहीं है और जांच में अस्पताल प्रशासन पुलिस को पूरा सहयोग करेगी ।इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले अभी जांच के अधीन हैं और मौत के वास्तविक कारण का निर्धारण पोस्टमार्टम तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *