Plug—In with Monk का आयोजन

कटक, युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनिश्री मोहजीत कुमार जी, मुनिश्री भव्य कुमार जी एवं मुनिश्री जयेशकुमार जी के साथ तेरापंथ कन्या मंडल एवं तेरापंथ किशोर मंडल, कटक द्वारा _“Plug-in with Monk”_ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य जिज्ञासुओं को तीनाें मुनिश्री के सान्निध्य में अपने मन में उठने वाले जिज्ञासापूर्ण एवं जीवनोपयोगी प्रश्नों के समाधान प्राप्त करने का अवसर प्रदान करना था। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित प्रश्नार्थियों ने मुनिश्री से जीवन से जुड़े विभिन्न गहन प्रश्न पूछे। प्रश्नों में *इतिहास, मुनि जीवन, आत्मकथा, तत्त्वज्ञान, आध्यात्मिकता एवं जीवन-दर्शन* जैसे विविध विषय सम्मिलित रहे।

मुनिवरों ने सभी प्रश्नों के समाधान अत्यंत सहज, सरल एवं प्रभावशाली शैली में प्रस्तुत किए। उनके अनुभवपूर्ण उत्तरों ने उपस्थित श्रोताओं को चिंतन की नई दिशा देने के साथ-साथ आत्मिक बोध एवं जीवन को बेहतर ढंग से समझने की प्रेरणा प्रदान की। कार्यक्रम का संवादात्मक स्वरूप सभी के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

मुनिश्री जयेशकुमार जी ने _कन्याओं एवं किशोरों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस चातुर्मास में उन्होंने उल्लेखनीय उत्साह, सक्रियता एवं प्रतिभा के साथ विभिन्न कार्यों को संपादित कर समाज में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतिभाशाली कन्याएँ एवं किशोर धर्मसंघ की प्रभावना को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

कार्यक्रम का संचालन कन्या मंडल सह-संयोजिका दिया बांठिया एवं किशोर मंडल सह प्रभारी हर्ष चोपड़ा ने किया। कन्या मंडल संयोजिका उर्वशी चोपड़ा ने स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के व्यवस्थापन में डिंपल बांठिया का श्रम भी मुखर रहा। कार्यक्रम का सफल आयोजन आध्यात्मिक जागरूकता के साथ-साथ किशोरों एवं कन्याओं की रचनात्मक सहभागिता को नई दिशा देने वाला रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *