गुरु दिवस पर भुवनेश्वर में जुटेंगे देशभर के स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ

SOGO के प्रथम वार्षिक सम्मेलन में लोकसभा सांसद डॉ. संबित पात्रा, विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी सहित कई गणमान्य होंगे शामिल।

 

भुवनेश्वर, 4 सितंबर। सोसाइटीज़ ऑफ ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी ऑफ ओड़िसा (SOGO) के प्रथम वार्षिक सम्मेलन का आयोजन 5 एवं 6 सितंबर को भुवनेश्वर के होटल लेमन ट्री प्रीमियर में किया जाएगा। दो दिवसीय इस सम्मेलन में ओडिशा सहित देशभर के स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, चिकित्सा क्षेत्र के वरिष्ठ विशेषज्ञ तथा अनेक गणमान्य अतिथि भाग लेंगे।

सम्मेलन के पहले दिन 5 सितंबर को शिक्षक दिवस (गुरु दिवस) के अवसर पर शाम 6 बजे से 7:30 बजे तक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर ओडिशा विधानसभा की अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। वहीं, लोकसभा सांसद एवं चिकित्सक डॉ. संबित पात्रा तथा FOGSI की प्रेसिडेंट-इलेक्ट डॉ. माधुरी पटेल सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल होंगी ।

गुरु दिवस समारोह में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ शिक्षकों एवं चिकित्सकों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से चिकित्सा क्षेत्र में गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व को रेखांकित किया जाएगा।

इसके बाद शाम 7:30 बजे से विभिन्न स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ संस्थाओं के सदस्यों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मन्मोहन सामल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

सम्मेलन के दूसरे दिन 6 सितंबर को SOGO फाउंडेशन डे मनाया जाएगा। इस अवसर पर ओडिशा के उपमुख्यमंत्री तथा कृषि, किसान सशक्तिकरण एवं ऊर्जा मंत्री कनक वर्धन सिंह देव मुख्य अतिथि होंगे। FOGSI के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. भास्कर पाल एवं महासचिव डॉ. सुवर्णा खाडिलकर सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

SOGO के अध्यक्ष डॉ. जन्मजय महापात्रा एवं सचिव डॉ. अशोक कुमार पाढी ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य स्त्री एवं प्रसूति रोग चिकित्सा के क्षेत्र में नवीनतम शोध, आधुनिक तकनीकों और चिकित्सकीय अनुभवों का आदान-प्रदान करना तथा विशेषज्ञों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। यह सम्मेलन ओडिशा में महिला स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *