धनबाद : युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने, उनमें आत्मरक्षा, राष्ट्ररक्षा तथा धर्मरक्षा के प्रति जागरूकता निर्माण करने के उद्देश्य से हिंदू जनजागृति समिति द्वारा आयोजित ‘शौर्य प्रशिक्षण शिविर’ का धनबाद में उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ।
‘हर घर योद्धा’ विशेष अभियान के अंतर्गत आयोजित यह शिविर 8 से 14 जून तक राजकमल सरस्वती शिशु मंदिर, अशोक नगर, धनबाद में संपन्न हुआ। शिविर में कुल 90 से अधिक युवक एवं युवतियों ने सहभाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आत्मरक्षा के विविध कौशल, शारीरिक व्यायाम, मानसिक दृढ़ता, संकट के समय सजगता तथा नेतृत्व क्षमता विकसित करने संबंधी मार्गदर्शन दिया गया।

शिविर के समापन अवसर पर
राजकमल सरस्वती शिशु मंदिर के अध्यक्ष श्री विनोद तुलसियान जी, पूर्व प्रधानाचार्य श्री फूल सिंह जी, कतरास के प्रसिद्ध डॉक्टर वी एन सिंह जी एवं जेआरडीए (JRDA – Jharia Rehabilitation and Development Authority) धनबाद के कौशल्य विकास के सलाहगार श्री जितेंद्र मलिक जी अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
शिविर के दौरान कुल 14 प्रशिक्षण के सत्र आयोजित किए गए। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के प्रति उत्साह दिखाते हुए नियमित उपस्थिति दर्ज कराई। अनेक युवाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है तथा वे किसी भी आपात परिस्थिति का सामना करने के लिए अधिक सक्षम महसूस कर रहे हैं।
शिविर की सफलता में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर सहित स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवकों तथा सहयोगी संस्थाओं का महत्त्वपूर्ण योगदान रहा।
हिंदू जनजागृति समिति के पूर्व एवं पूर्वोत्तर भारत राज्य समन्वयक श्री शंभू गवारे ने बताया कि युवाओं में राष्ट्रभक्ति, आत्मविश्वास एवं संगठन शक्ति बढ़ाने के उद्देश्य से भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण शिविर विभिन्न स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे। अभी तक हर घर योद्धा अभियान के अंतर्गत पूरे भारत में 80 से अधिक शिविरों का आयोजन किया गया है। अधिक से अधिक युवक-युवतियों से इन उपक्रमों का लाभ लेने का आवाहन किया गया। समिति के श्री निरंजन चोडनकर एवं श्री अमोल पालेकर ने प्रशिक्षक के रूप में मार्गदर्शन किया।

