युद्ध जैसी परिस्थिति में हिन्दुत्वनिष्ठ एवं श्रद्धालुओं ने लिया विजय का संकल्प: हनुमान जयंती पर सामूहिक ‘गदा पूजन’

रामराज्य की स्थापना हेतु पूरे प. बंगाल, ओडिशा एवं असम राज्य में 20 से अधिक स्थानों पर सामूहिक ‘गदा पूजन’ संपन्न!

कोलकाता : आज संपूर्ण विश्व युद्ध जैसी स्थिति के कगार पर खड़ा है। इतिहास का अवलोकन करने पर ज्ञात होता है कि जिन-जिन युद्धों में हनुमानजी विराजमान रहे हैं, वहां विजय निश्चित हुई है। चाहे वह प्रभु श्रीराम की सेना में रहकर रावण की लंका का दहन करनेवाले हनुमानजी हों, अथवा महाभारत में अर्जुन के रथ के ध्वज पर विराजमान होकर अधर्म के विरुद्ध पांडवों को बल प्रदान करने वाले हनुमानजी ! हर स्थान पर विजय सुनिश्चित हुई । इतना ही नहीं, छत्रपति शिवाजी महाराज के ‘हिंदवी स्वराज्य’ की स्थापना के लिए समर्थ रामदास स्वामीजी ने गांव-गांव में मारुति मंदिर स्थापित कर जो बलोपासना प्रारंभ की, उससे स्वराज्य को आध्यात्मिक एवं सामर्थ्य का बल प्राप्त हुआ। आज पुनः एक बार देश और धर्म संकट में हैं तथा सर्वत्र भय का वातावरण निर्मित हो रहा है।

ऐसे समय में प्रत्येक हिंदू में मारुति जैसे शौर्य, शक्ति और भक्ति का जागरण हो तथा आनेवाले कठिन समय में उनके आशीर्वाद से हिंदुओं की विजय सुनिश्चित हो, इसी संकल्प के साथ श्री हनुमान जयंती के अवसर पर हिंदू जनजागृति समिति की ओर से पूरे प. बंगाल, ओडिशा एवं असम राज्य में 20 से अधिक स्थानों पर सामूहिक ‘गदा पूजन’ किया गया।”
‘गदा पूजन’ विधि, श्री हनुमान जी की आरती, मारुति स्तोत्र पाठ, शंखनाद एवं सामूहिक प्रार्थना के पश्चात ‘श्री हनुमते नमः’ का सामूहिक नामजप किया गया। इस अवसर पर ‘रामराज्य की स्थापना हेतु मारुति के गुणों को कैसे आत्मसात करें’ इस विषय पर मार्गदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में ‘रामराज्य की स्थापना के लिए सामूहिक प्रतिज्ञा’ ली गई। हिंदू जनजागृति समिति द्वारा पिछले 4 वर्षों से देशभर में सामूहिक ‘गदा पूजन’ कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए जा रहे हैं और इस वर्ष भी हिंदुत्वनिष्ठों एवं श्रद्धालुओं की उत्स्फूर्त भागीदारी देखने को मिली। इस अवसर पर विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *