राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग ने राजस्थान के बाड़मेर जिले में एक मंदिर परिसर के अंदर एक छात्रावास में एक शिक्षक द्वारा छात्रों को गर्म लोहे की छड़ से दागने की कथित घटना का स्वतः संज्ञान लिया है।

राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग (एनएचआरसी), भारत ने एक मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है जिसमें बताया गया है कि राजस्थान के बाड़मेर जिले में एक मंदिर परिसर के अंदर एक छात्रावास में कुछ छात्रों द्वारा बिस्तर गीला करने से नाराज़ एक शिक्षक ने उन्हें गर्म लोहे की छड़ से दाग दिया। बताया जा रहा है कि इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है।

आयोग ने कहा है कि यदि समाचार रिपोर्ट की सामग्री सही है, तो यह मानव अधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मुद्दा उठाती है। इसलिए, जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक, बाड़मेर को नोटिस जारी कर पीड़ित छात्रों की स्वास्थ्य स्थिति सहित मामले पर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।

22 अगस्त, 2025 को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, घायल लड़कों में से एक अपने घर पहुँचा और अपने परिवार को घटना की सूचना दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण विरोध प्रदर्शन के लिए एकत्रित हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *