राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग, भारत ने दिल्ली के द्वारका उत्तर पुलिस थाने में पुलिस हिरासत में कथित शारीरिक यातना के बाद एक व्यक्ति द्वारा कथित आत्महत्या के मामले का स्वतः संज्ञान लिया

राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग (एनएचआरसी), भारत ने एक मीडिया रिपोर्ट का स्वतः संज्ञान लिया है जिसमें बताया गया है कि 11 जुलाई, 2025 को दिल्ली के द्वारका उत्तर पुलिस थाने में पुलिस द्वारा कथित शारीरिक यातना के बाद एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली थी। बताया जा रहा है कि पीड़ित को एक महिला सुपरवाइजर द्वारा उसके खिलाफ की गई चोरी की शिकायत के संबंध में पूछताछ के लिए 10 जुलाई, 2025 को पुलिस हिरासत में लिया गया था। एक सुसाइड नोट बरामद किया गया है। पीड़ित दिल्ली के नंगली विहार इलाके का रहने वाला था और आईपी यूनिवर्सिटी में संविदा कर्मचारी के रूप में काम करता था।

आयोग ने पाया है कि यदि मीडिया रिपोर्ट की सामग्री सत्य है, तो यह पीड़ित के मानव अधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मुद्दा है। इसलिए, आयोग ने दिल्ली के पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

12 जुलाई, 2025 को प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित के शरीर पर चोटों के निशान थे। उसे बिजली के झटके भी दिए गए थे, जिससे उसके कान में सूजन आ गई थी। बताया गया है कि परिवार के सदस्य उसे अस्पताल ले गए, जहाँ से उसे आगे के इलाज के लिए इंदिरा गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया। अगले दिन, पीड़ित अपने कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *