पुरी में मानस मंदिर का भूमि पूजन समारोह : श्री क्षेत्र में शराब और मांसाहारी भोजन की बिक्री बंद हो — जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज

पुरी धाम विश्व का आकर्षण केंद्र बनेगा — मुख्यमंत्री ओडिशा

सुंदरकांड चैरिटेबल ट्रस्ट, गोविंद गोधाम गौशाला चित्रकूट के तुलसी पीठ शिवन्यास एवं उड़ीसा राघव परिवार के संयुक्त तत्वावधान में पुरी जिले के शान दामोदरपुर पंचायत अंतर्गत पटना गांव में उड़ीसा के प्रथम मानस मंदिर निर्माण हेतु भूमि पूजन समारोह आयोजित किया गया। राघव परिवार की ओर से 5 एकड़ भूमि तुलसी पीठ, चित्रकूट को समर्पित की गई, जिसमें तुलसी पीठाधीश्वर, ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित, पद्म विभूषण जगद्गुरु श्री रामभद्राचार्य जी महाराज के करकमलों द्वारा विधिवत भूमि पूजन सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर उड़ीसा के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री मोहन चारण माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए ।

जगतगुरु श्री रामभद्राचार्य जी महाराज ने अपने आशीर्वचनों में मुख्यमंत्री श्री मोहन माझी जी से विनम्र आग्रह किया कि श्रीजगन्नाथ धाम, पुरी क्षेत्र में संपूर्ण शराबबंदी लागू हो और मांसाहारी भोजन की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित की जाए — यही उनके लिए उपयुक्त दक्षिणा मानी जाएगी। मुख्यमंत्री जी ने अपने उद्बोधन में यह स्पष्ट किया कि जगतगुरु जी के दिव्य नेतृत्व में सेवा कार्यों के माध्यम से इस उद्देश्य की पूर्ति की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जब कार्य ‘शिवधारी भाव’ से किया जाए और मार्गदर्शन संतशक्ति से प्राप्त हो — तो सफलता स्वतः सुनिश्चित हो जाती है। उन्होंने यह भी कहा — “पुरी धाम को हम विश्व का आध्यात्मिक आकर्षण केंद्र बनाएंगे।

इसके लिए भगवान श्रीजगन्नाथ और पूज्य जगतगुरु जी का आशीर्वाद आवश्यक है।” इस भव्य समारोह में कई विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रही जिनमें प्रमुख थे पुरी सांसद डॉ. संबित पात्र, ब्रह्मगिरि विधायक श्रीमती उपासना महापात्र, सत्यवादी विधायक श्री ओमप्रकाश मिश्र, पिपली विधायक श्री आश्रित पटनायक, बद्रीनाथ से पधारे 1008 श्री बालक योगेश्वर दास जी महाराज, नवलदास मठ के महंत श्री दो रामचरण दास जी महाराज, तथा तुलसी पीठ के उत्तराधिकारी आचार्य श्री रामचरण दास जी महाराज ।

राघव परिवार की ओर से पंडित विष्णु चरण पंडा जी ने स्वागत भाषण दिया और श्री विजय टिबरेवाल जी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुरभि जैन और वरिष्ठ पत्रकार श्री विष्णु दत्त दास ने किया।इस अवसर पर पूज्य जगद्गुरु जी ने मंच से उड़ीसा राघव परिवार के 11 समर्पित सदस्यों की घोषणा की, जिनके नाम हैं — श्री विष्णु चरण पंडा, डॉ. अशोक कुमार लखोटिया, श्री सुरेंद्र डालमिया, श्री रवि नारायण सामंत राय, श्री दिलीप कुमार खंडेलवाल, श्री पशुपति शर्मा, श्री राजेश केजरीवाल, श्रीमती अंजना दास, श्री वेलुरी श्रीनिवास, श्री राजेश कुमार अग्रवाल एवं श्री विजय कुमार टिबरेवाल। जगतगुरु जी ने यह भी घोषणा की कि वर्ष 2026 की रथयात्रा के अवसर पर इसी भूमि पर मानस मंदिर का उद्घाटन होगा जिसमें भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की उपस्थिति भी होगी। इसके लिए राघव परिवार द्वारा प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *