राजगांगपुर, वार्ड नं 3 निवासी सामाजिक कार्यकर्ता राजेश गुप्ता (बबलू) का शनिवार को खंडाधार में हृदयाघात से निधन हो गया. वे 57 वर्ष के थे. राजेश गुप्ता भाजपा सहित राजगांगपुर विकास परिषद, दुर्गा मंदिर कमेटी, रामनवमी झंडा कमेटी, राजगांगपुर वॉरियर जैसे अनेक धार्मिक तथा सामाजिक संगठनों से जुड़े हुए थे.
कोरोनाकाल में एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में उनका कार्य काफी सराहा गया था. राजेश गुप्ता शुक्रवार को अपनी सालगिरह के अवसर पर परिवार के साथ खंडाधार गये थे तथा रात को वहीं रुके थे. शनिवार सुबह धर्मपत्नी के साथ पार्क में टहलने निकले थे, जहां उनकी तबीयत अचानक खराब हो गयी. उन्हें बणई स्थित सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. स्थानीय कुम्हारपाड़ा स्थित मारवाड़ी मुक्ति धाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया. पुत्र कान्हा ने मुखाग्नि दी. वे अपने पीछे पत्नी कविता सहित दो बेटी तथा एक बेटा छोड़ गये हैं.

